ग्रेटर आगरा में बनेगी एकीकृत खेल अकादमी!, खेल प्रतिभाओं को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय मंच

Press Release उत्तर प्रदेश

—- नगर निगम सदन ने सर्वसम्मति से पारित किया प्रस्ताव, शासन को भेजने की संस्तुति

आगरा। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा ग्रेटर आगरा परियोजना के भूमि पूजन एवं शिलान्यास के साथ आधुनिक और सुनियोजित शहर के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इसी क्रम में आगरा नगर निगम सदन ने शहर के खेल विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से ग्रेटर आगरा क्षेत्र में एक एकीकृत खेल अकादमी (इंटीग्रेटेड स्पोर्ट्स एकेडमी) स्थापित किए जाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित कर प्रदेश सरकार को भेजने का निर्णय लिया है।
नगर निगम सदन की बैठक में पार्षद अनुराग चतुर्वेदी द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव में कहा गया कि आगरा शहर खेल प्रतिभाओं की दृष्टि से अत्यंत समृद्ध है। पिछले कई वर्षों में यहां से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी विभिन्न खेलों में अपनी पहचान बना चुके हैं। इसके बावजूद शहर में ऐसी समेकित खेल अकादमी का अभाव है, जहां विभिन्न खेलों के लिए आधुनिक सुविधाएं, वैज्ञानिक प्रशिक्षण और उच्च स्तरीय खेल अधोसंरचना एक ही परिसर में उपलब्ध हो सके।
प्रस्ताव में उल्लेख किया गया कि क्रिकेट, हॉकी, फुटबॉल, तैराकी, एथलेटिक्स, बॉक्सिंग सहित अन्य खेलों के लिए अलग-अलग स्थानों पर सीमित सुविधाएं उपलब्ध हैं। यदि ग्रेटर आगरा क्षेत्र में एकीकृत खेल अकादमी स्थापित की जाती है तो खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, खेल विज्ञान, फिटनेस, आवासीय सुविधा तथा शैक्षिक व्यवस्थाएं एक ही परिसर में मिल सकेंगी। इससे आगरा ही नहीं बल्कि आसपास के जनपदों के प्रतिभाशाली युवाओं को भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
नगर निगम सदन ने भी माना कि ग्रेटर आगरा परियोजना के अंतर्गत विकसित हो रहे आधुनिक शहर में विश्वस्तरीय खेल अधोसंरचना का समावेश भविष्य की आवश्यकता है। ऐसी अकादमी बालक एवं बालिकाओं को उच्च मानकों वाली खेल सुविधाएं उपलब्ध कराएगी तथा क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देगी। साथ ही खेलों के माध्यम से रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
बैठक में प्रस्ताव पर चर्चा के बाद सभी पार्षदों ने इसका समर्थन किया और सर्वसम्मति से इसे पारित कर दिया। सदन ने प्रदेश सरकार का ध्यान आगरा की खेल प्रतिभाओं के समुचित विकास की ओर आकर्षित करते हुए एकीकृत खेल अकादमी की स्थापना के लिए आवश्यक कार्यवाही करने का अनुरोध किया है। सदन की स्वीकृति के बाद अब इसे शासन को भेजा जाएगा।

 

महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने कहा कि ग्रेटर आगरा परियोजना को केवल आधुनिक शहर के रूप में नहीं, बल्कि युवाओं के सर्वांगीण विकास के केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। एकीकृत खेल अकादमी की स्थापना से आगरा और आसपास के क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और सुविधाएं मिल सकेंगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम सदन द्वारा सर्वसम्मति से पारित यह प्रस्ताव भविष्य में आगरा को प्रदेश के प्रमुख खेल केंद्रों में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।

नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि ग्रेटर आगरा में प्रस्तावित एकीकृत खेल अकादमी आधुनिक खेल अधोसंरचना का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगी। यहां खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, खेल विज्ञान, फिटनेस, आवासीय और शैक्षिक सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध कराने की परिकल्पना की गई है। इससे न केवल खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि रोजगार, खेल पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि नगर निगम सदन द्वारा पारित प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है और इसके सकारात्मक परिणाम की अपेक्षा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *