व्यस्तता के कारण जवाब नहीं दे पा रहा हूं, समय मिलते ही आरोप लगाने वालों को कम से कम तीन साल की सजा कराऊंगा
आगरा, 20 नवंबर। मेरा कार्यकाल दो साल बढ़ाये जाने की फाइल सरकार में चल रही है।इसकी भनक लगते ही विरोधी बौखलाकर मेरे खिलाफ अनर्गल आरोप लगा रहे हैं। सोशल मीडिया में मेरे खिलाफ अभियान चलवाया जा रहा है। ये कहना है उत्तर प्रदेश के खेल निदेशक आर पी सिंह का। यहां एकलव्य स्टेडियम में चल रहे कैंप में वे आज यहां अंडर-18 फाइव -ए-साइड महिला हाकी टीम के मुख्य चयनकर्ता के रूप में टीम का सलेक्शन करने के लिये आये हैं।
इसी दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि मैं 31 दिसंबर 2026 को सेवानिवृत होने वाला हूं। इसी बीच मेरे बेहतरीन सेवाकाल को देखकर सरकार द्वारा दो साल कार्यकाल बढ़ाये जाने की संभावना है। इस संबंध में फाइल सरकार के पास है। यह भनक लगते ही विरोधी खेमा सोशल मीडिया के सहारे मेरी छवि खराब करने में लगा है। उन्होंने कहा कि सच को न दबाया जा सकता है और न छिपाया जा सकता है। इसलिये जो मेरी छवि खराब करने में लगे हैं। उनको भी समय आने पर करारा जवाब दिया जाएगा। भारतीय हाकी टीम के चयनकर्ता आर पी सिंह ने साफ शब्दों में कहा कि सोशल मीडिया एक्टीविस्ट के नाम पर एक व्यक्ति किसी काम से मेरे पास आया था। वही हमारे विभाग के कुछ अधिकारियों से मिलकर उल्टा-पुल्टा सोशल मीडिया पर परोस रहा है।
उन्होंने कहा कि मेरी अभी व्यवस्तता चल रही है। इसलिये इनका जवाब नहीं दे पा रहा हूं। साथ ही कागज दिखाते हुए कहा कि मैं सुबूत जुटाने में लगा हूं। विरोधियों को कम से कम तीन साल की सजा कराऊंगा।
घर का भेदी लंका ढहाये
उत्तर प्रदेश के खेल निदेशक आर पी सिंह ने कहा कि मेरे ऊपर आरोप लगाये जा रहे हैं कि अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की नियुक्ति के नाम पर डेढ़ करोड़ रुपया खाया है। इस पर उन्होंने कागजात दिखाते हुए कहा कि यह चयन समिति है। जो किसी को नियुक्त करती है। इसके पश्चात वेतन निकालने का काम क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी का होता है। इसमें मेरी भूमिका कहां से और कैसे हो सकती है। साथ ही उन्होंने बाकायदा नाम लेते हुए कहा कि घर का भेदी लंका ढहाये। इन आरोप लगाने वाले विभागीय अफसरों में एक की तो मैंने पिछले दो साल से पेंशन रोक रखी है। दूसरे का वेतन रोक दिया है। तीसरी एक महिला अधिकारी का नाम उन्होंने लिया। खेल निदेशक ने कहा कि इनको डर है कि अगर मेरा कार्यकाल दो साल बढ़ गया तो इनकी हालत और खराब हो जाएगी। इसलिये ये तीनों अफसर सोशल मीडिया का सहारा लेकर मुझे बदनाम करने की साजिश कर रहे हैं। हालांकि इनके करने से कुछ होने वाला नहीं है।
उन्होंने कहा पिछले 32 सालों में मेरे खिलाफ कुछ नहीं मिला। अब अगले महीने रिटायरमेंट है तो मेरे ऊपर बेबुनियाद, अनर्गल आरोप लगाये जा रहे हैं।


