आगरा मंडल दिव्यांगजन सशक्तिकरण एवं समावेशी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन के संचालन हेतु दिव्यांग सुविधा प्रदाताओं के चयन के लिए आवेदन आमंत्रित किए है। इस पहल का उद्देश्य दिव्यांगजनों को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को त्वरित एवं सुगम टिकटिंग सुविधा प्रदान करना है।
आगरा मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर कुल 12 एटीवीएम दिव्यांगजन श्रेणी (30 प्रतिशत आरक्षित श्रेणी) के अंतर्गत संचालित किए जाएंगे। चयनित दिव्यांग सुविधा प्रदाताओं को एटीवीएम के माध्यम से अनारक्षित टिकट जारी करने का कार्य सौंपा जाएगा।
यह पहल दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने तथा उन्हें सम्मानजनक आजीविका उपलब्ध कराने की दिशा में भारतीय रेलवे की सामाजिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है।आगरा मंडल के अंतर्गत कुल 36 एटीवीएम के संचालन के लिए सुविधा प्रदाताओं का चयन किया जाएगा। इनमें 24 एटीवीएम सामान्य श्रेणी (70%) तथा 12 एटीवीएम दिव्यांगजन श्रेणी (30%) के लिए निर्धारित हैं। चयनित सुविधा प्रदाताओं को क्रमशः 24 एवं 30 एटीवीएम संचालित करने का अवसर मिलेगा। साथ ही, यात्रियों को टिकट काउंटरों पर लगने वाली भीड़ से राहत मिलेगी तथा टिकट वितरण प्रणाली और अधिक प्रभावी एवं सुगम बनेगी।
इच्छुक पात्र अभ्यर्थी उत्तर मध्य रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट http://www.ncr.indianrailways.gov.in से आवेदन पत्र डाउनलोड कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।
रेल प्रशासन ने पात्र दिव्यांग अभ्यर्थियों से इस अवसर का लाभ उठाने तथा निर्धारित समयावधि में आवेदन करने की अपील की है। आवेदन प्रक्रिया, पात्रता एवं अन्य नियमों की विस्तृत जानकारी उत्तर मध्य रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।


