नीट परीक्षा- 2026 के लिए आगरा रेल मंडल ने किए व्यापक भीड़ प्रबंधन एवं यात्री सुविधा प्रबंध

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा।  आगरा रेल मंडल ने 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली NEET परीक्षा के दौरान संभावित अतिरिक्त यात्री भीड़ को ध्यान में रखते हुए आगरा कैंट , मथुरा जंक्शन ,ईदगाह , कोसीकलां एवं धौलपुर स्टेशन पर विशेष भीड़ प्रबंधन एवं यात्री सुविधा व्यवस्था सुनिश्चित की है l

मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के निर्देशानुसार 20 जून 2026 की रात्रि 22:00 बजे से 21 जून 2026 की रात्रि 22:00 बजे तक वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती की गई है। विभिन्न स्टेशनों पर नामित अधिकारियों को भीड़ नियंत्रण, यात्री सुविधाओं की निगरानी तथा संचालन व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यात्रियों की सुविधा के लिए आगरा कैंट एवं मथुरा जंक्शन स्टेशनों पर रेलवे चिकित्सकों की 24 घंटे उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। इसके अतिरिक्त दोनों स्टेशनों पर पेयजल, कोच वाटरिंग, स्वच्छता, वाटर कूलर, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, पंखों एवं प्रकाश व्यवस्था की सतत निगरानी की जाएगी।

आगरा कैंट एवं मथुरा जंक्शन स्टेशनों पर विशेष सहायता बूथ स्थापित किए जाएंगे, जहां वाणिज्य विभाग के कर्मचारी यात्रियों को आवश्यक सहायता एवं मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। टिकट काउंटरों की पर्याप्त उपलब्धता, ट्रेनों एवं प्लेटफार्मों से संबंधित घोषणाओं की नियमित व्यवस्था तथा एटीवीएम एवं अन्य टिकटिंग मशीनों के सुचारु संचालन पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए चयनित लेवल क्रॉसिंग गेटों पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के कर्मचारियों की विशेष तैनाती की गई है। साथ ही स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी व सभी संबंधित विभागों को समन्वित रूप से कार्य करते हुए परीक्षा अभ्यर्थियों एवं यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *