आगरा मंडल ने स्क्रैप निस्तारण में रचा नया कीर्तिमान, दो माह में अर्जित किए ₹12.05 करोड़

Press Release उत्तर प्रदेश

 

डीआरएम गगन गोयल

आगरा। मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के मार्गदर्शन में आगरा मंडल ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रथम दो माह (अप्रैल-मई 2026) में स्क्रैप निस्तारण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए 3337.599 मैट्रिक टन स्क्रैप का सफलतापूर्वक निस्तारण किया है। इस निस्तारण से मंडल को ₹12.05 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ है।
मंडल द्वारा अनुपयोगी एवं निष्प्रयोज्य रेल सामग्री के वैज्ञानिक, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिसके परिणामस्वरूप यह उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हुई है।
स्क्रैप निस्तारण से प्राप्त राजस्व न केवल रेलवे की आय में वृद्धि कर रहा है, बल्कि परिसंपत्तियों के बेहतर प्रबंधन को भी सुनिश्चित कर रहा है। साथ ही रेलवे परिसरों में उपलब्ध स्थान का अधिक प्रभावी उपयोग संभव हो रहा है तथा कार्यस्थलों की सुव्यवस्था एवं कार्यकुशलता में भी वृद्धि हो रही है।
उल्लेखनीय है कि अप्रैल -मई 2025 तक स्क्रैप निस्तारण से प्राप्त आय मात्र ₹0.41 करोड़ थी, जबकि अप्रेल – मई 2026 तक यह बढ़कर ₹12.05 करोड़ हो गई है। इस प्रकार मंडल ने पिछले वर्ष की तुलना में लगभग ₹11.64 करोड़ अधिक राजस्व अर्जित किया हैl
इसके अतिरिक्त, मंडल ने चालू वित्त वर्ष के लिए निर्धारित ₹23 करोड़ के स्क्रैप बिक्री लक्ष्य का 50 प्रतिशत से अधिक हिस्सा मात्र दो माह में ही प्राप्त कर लिया है, जो मंडल की प्रभावी कार्ययोजना एवं संसाधनों के कुशल प्रबंधन का परिचायक है। आगरा मंडल संसाधनों के अधिकतम उपयोग, परिसंपत्तियों के कुशल प्रबंधन तथा राजस्व संवर्धन की दिशा में निरंतर प्रयासरत है और भविष्य में भी इसी प्रकार की उपलब्धियों को प्राप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *