जनगणना कार्य में लापरवाही पर सख्त चेतावनी, 10 जून तक कार्य पूरा करने के निर्देश

Press Release उत्तर प्रदेश

—– जिले की रैंकिंग गिराने वालों पर होगी कार्रवाई, समीक्षा बैठक में भड़के जनगणना अधिकारी

आगरा। जनगणना कार्य में अपेक्षित प्रगति न मिलने पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सूरसदन सभागार में लोहामंडी एवं ताजगंज जोन में चल रहे जनगणना कार्य की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें दोनों जोन के प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों के कार्यों का विस्तृत मूल्यांकन किया गया। समीक्षा के दौरान कार्य की गति संतोषजनक न पाए जाने पर कर्मचारियों को कड़ी चेतावनी दी।
बैठक में जनगणना अधिकारी नगर शिशिर कुमार ने स्पष्ट कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जो प्रगणक एवं सुपरवाइजर अपने दायित्वों का निर्वहन गंभीरता से नहीं कर रहे हैं, उनके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे निर्धारित समयसीमा का इंतजार किए बिना अपने कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें।
उन्होंने कहा कि शासन द्वारा जनगणना कार्य पूर्ण करने के लिए 20 जून तक का समय निर्धारित किया गया है, लेकिन सभी कर्मचारी 10 जून तक अपने क्षेत्र का कार्य पूरा करने का लक्ष्य बनाएं। समय से पहले कार्य पूर्ण होने से न केवल जिले की प्रगति बेहतर होगी बल्कि शासन स्तर पर भी सकारात्मक संदेश जाएगा।
उन्होंने समीक्षा के दौरान कहा कि कुछ कर्मचारियों की उदासीनता के कारण जिले की रैंकिंग प्रभावित हो रही है, जो किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने सभी प्रगणकों और सुपरवाइजरों से जिम्मेदारी एवं तत्परता के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से क्षेत्रीय निरीक्षण कर प्रगति की निगरानी करें और जहां भी कार्य में शिथिलता दिखाई दे, तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। बैठक में जनगणना कार्य की प्रगति, घर-घर सर्वेक्षण, डेटा संकलन तथा लंबित कार्यों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने कर्मचारियों की समस्याएं भी सुनीं और उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर एडीएम संदीप कुमार, एसडीएम रामकृष्ण चौधरी, सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, सुपरवाइजर एवं प्रगणक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *