
तीन हजार सफाईकर्मी और 32 भारी वाहन मैदान में उतरे, अल सुबह से देर शाम तक चला विशेष सफाई अभियान
आगरा। दीपावली के बाद शहर की सड़कों, बाजारों और गली-मोहल्लों में पटाखों के अवशेषों और अन्य कचरे के ढेर लगने से बिगड़ी सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए नगर निगम प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी। शहर को स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को चारों जोन में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इसके तहत एक ही दिन में 1200 टन से अधिक कचरा एकत्रित कर वाहनों के माध्यम से कुबेरपुर लैंडफिल साइट पहुंचाया गया। अभियान में सुबह से लेकर देर शाम तक नगर निगम की टीमें जुटी रहीं।
अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने बताया कि दीपावली के बाद शहर में अतिरिक्त कचरा निकलने की संभावना को देखते हुए व्यापक स्तर पर सफाई अभियान की कार्ययोजना तैयार की गई थी। इसके तहत करीब तीन हजार सफाई कर्मचारियों को मैदान में उतारा गया। कचरे के उठान और परिवहन के लिए 32 ट्रक, टिपर, हाइवा और जेसीबी के साथ एक दर्जन लोडर तथा 94 ट्रैक्टर लगाए गए। कर्मचारियों और संसाधनों की मदद से प्रमुख मार्गों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और गली-मोहल्लों में जमा कचरे को तेजी से उठवाया गया।
अभियान के दौरान चारों जोन में सफाई व्यवस्था की लगातार निगरानी की गई। जोनल सेनेटरी अधिकारी (जेडएसओ) मुख्यालय जितेंद्र कुमार के अनुसार क्षेत्रीय जेडएसओ और सफाई एवं खाद्य निरीक्षकों (एसएफआई) को अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान पर नजर रखने की जिम्मेदारी दी गई थी। अधिकारियों ने सफाई कार्य, कचरा उठान और वाहनों की आवाजाही की निगरानी की, जिससे एकत्रित कचरे को निर्धारित स्थल तक पहुंचाने में तेजी बनी रही।
वहीं, स्वच्छता अभियान को जनभागीदारी और जागरूकता से जोड़ने के लिए शहर के जीवीपी (गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट) पर विशेष सजावट भी की गई। इन स्थलों पर आकर्षक रंगोलियां बनाकर स्वच्छता का संदेश दिया गया। नगर निगम प्रशासन का प्रयास रहा कि दीपावली के बाद शहर में जमा कचरे का त्वरित निस्तारण कर सार्वजनिक स्थलों और सड़कों को साफ-सुथरा बनाया जाए।


