—– साईं की तकिया से नामनेर चौराहे तक चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, पक्के निर्माण ध्वस्त, दुकानदारों पर भी कार्रवाई
आगरा। नगर निगम की टास्क फोर्स ने सोमवार को शहर में अतिक्रमण और फुटपाथों पर अवैध कब्जों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान फुटपाथ पर वाहनों की अवैध पार्किंग संचालित कराए जाने के मामले में एसआर हॉस्पिटल प्रबंधन पर 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। कार्रवाई के दौरान अस्पताल प्रबंधन और नगर निगम की टीम के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई, हालांकि टास्क फोर्स ने निर्धारित नियमों के तहत कार्रवाई पूरी कराई।
नगर निगम के एसएफआई नीलेन्द्र के नेतृत्व में चलाए गए अभियान की शुरुआत साईं की तकिया क्षेत्र से हुई, जो नामनेर चौराहे तक चला। अभियान के दौरान फुटपाथों पर किए गए दर्जनों स्थायी और पक्के अतिक्रमणों को ध्वस्त किया गया। निगम की टीम ने जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से अवैध निर्माण हटाते हुए फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराया, ताकि आम नागरिकों और राहगीरों को आवागमन में सुविधा मिल सके।
अभियान के दौरान सड़क और फुटपाथ पर सामान रखकर कारोबार कर रहे कई दुकानदारों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। नगर निगम ने नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों से कुल 10 हजार रुपये का जुर्माना वसूला और भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी।
सबसे बड़ी कार्रवाई एसआर हॉस्पिटल के खिलाफ की गई। नगर निगम के अनुसार अस्पताल प्रबंधन द्वारा फुटपाथ पर अवैध रूप से वाहनों की पार्किंग संचालित कराई जा रही थी, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस पर अस्पताल प्रबंधन से 30 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। कार्रवाई के दौरान अस्पताल प्रबंधन ने आपत्ति जताई और निगम अधिकारियों से बहस भी हुई, लेकिन टास्क फोर्स ने नियमों के अनुरूप कार्रवाई जारी रखी।
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि शहर में सार्वजनिक स्थानों, फुटपाथों और सड़कों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या पार्किंग संचालन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
—- नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य का वर्जन:
“शहर में अतिक्रमण और फुटपाथों पर अवैध कब्जे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जाएंगे। सार्वजनिक स्थानों पर अवैध पार्किंग का संचालन भी नियमों के विरुद्ध है। नगर निगम द्वारा अभियान लगातार चलाया जाएगा और जो भी व्यक्ति या संस्थान नियमों का उल्लंघन करेगा, उसके खिलाफ जुर्माना सहित नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। हमारा उद्देश्य शहर की सड़कों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कर आम नागरिकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन उपलब्ध कराना है।”


