आगरा। सुभाष मार्केट क्षेत्र में हुए दर्दनाक हादसे में नाले में बहकर लापता हुई महिला गंगा देवी की तलाश आखिरकार छह दिन बाद सोमवार को पूरी हो गई। नगर निगम के लगातार चलाए जा रहे सर्च अभियान के दौरान शाहजहां पार्क के सामने आबंतीबाई चौराहे के निकट कच्चे नाले से गंगा देवी का शव बरामद कर लिया गया। शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
हादसे के बाद से ही नगर निगम के चार सौ से अधिक कर्मियों की फौज नगर आयुक्त ने ने नाले में उतार दी थी। एनडीआरएफ और गोताखोरों की टीमें भी आपरेशन में सहयोग कर रही थीं। पिछले छह दिनों से दिन-रात चले सर्च अभियान में नगर निगम के सैकड़ों कर्मचारी अलग-अलग स्थानों पर नाले की सफाई और खोजबीन में लगे रहे। घटना स्थल से लेकर आबंतीबाई चौराहे तक कई बार व्यापक स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन सफलता सोमवार को मिली।
सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि सोमवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे अमर सिंह गेट से आगे कच्चे नाले में नगर निगम की टीम चेन मशीन की सहायता से सर्च अभियान चला रही थी। इसी दौरान मशीन चालक को कीचड़ के बीच एक शव दिखाई दिया। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और नगर निगम कर्मियों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। बाद में शव की पहचान गंगा देवी के रूप में हुई।
उन्होंने बताया कि शव मिलने के तुरंत बाद पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर बुलाया गया। उनकी मौजूदगी में पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
गंगा देवी की तलाश के लिए नगर निगम ने पूरे अभियान को युद्धस्तर पर संचालित किया। सैकड़ों निगम कर्मचारी लगातार नाले की सफाई और तलाशी अभियान में लगे रहे। एसडीआरएफ की टीम तथा दर्जनों गोताखोरों ने भी अलग-अलग हिस्सों में खोजबीन की। अभियान के दौरान कई बार नाले में पानी का बहाव नियंत्रित कर तलाशी ली गई ताकि महिला का पता लगाया जा सके।
नगर आयुक्त के निर्देशन में अपर नगर आयुक्त सर्च ऑपरेशन का नेतृत्व किया और पूरे अभियान की लगातार निगरानी करते रहे। नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार अभियान को तब तक जारी रखने का निर्णय लिया गया था, जब तक महिला का पता नहीं चल जाता।
रविवार को महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह और नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया था। इसके बाद उन्होंने अंबेडकर पार्क में धरने पर बैठे पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया था। नगर आयुक्त ने भी पीड़ितों को भरोसा दिलाया था कि गंगा देवी के बरामद होने तक सर्च आपरेशन जारी रहेगा। सोमवार को शव बरामद होने के बाद परिजनों का इंतजार समाप्त हुआ, हालांकि पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर शोक का माहौल बना हुआ है।
—– महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह का वर्जन
“गंगा देवी का शव मिलने से एक ओर जहां लंबे समय से चल रही तलाश पूरी हुई है, वहीं इस दुखद घटना ने सभी को व्यथित किया है। नगर निगम ने पूरी संवेदनशीलता के साथ लगातार छह दिनों तक बिना रुके सर्च अभियान चलाया। पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएंगे।”
—– नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य का वर्जन
“नगर निगम की पूरी टीम ने लगातार छह दिन तक युद्धस्तर पर सर्च अभियान चलाया। निगम कर्मचारियों, एनडीआरएफ, गोताखोरों और प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से आज गंगा देवी का शव बरामद किया जा सका। अभियान में लगे सभी कर्मचारियों और अधिकारियों ने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य किया। घटना अत्यंत दुखद है और निगम पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है।”


