आगरा.14.11.2026. मेरा युवा भारत, आगरा द्वारा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में यूथ हॉस्टल, आगरा में राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक (एनवाईवी) प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 6 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में बिजनौर, हाथरस, शामली, सहारनपुर एवं आगरा जनपदों से आए राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों के ज्ञान एवं कौशल का विकास करते हुए उन्हें युवा कल्याण, सामाजिक जागरूकता, डिजिटल सहभागिता एवं राष्ट्र निर्माण से संबंधित विभिन्न गतिविधियों के लिए तैयार करना है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन डॉ. श्रवण कुमार सहगल, जिला युवा अधिकारी, आगरा के मार्गदर्शन एवं देखरेख में किया जा रहा है। उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभाग कर रहे सभी राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों को अपने कार्यक्षेत्र में सक्रिय रहते हुए युवाओं को विभिन्न रचनात्मक एवं सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान मेरा युवा भारत, लखनऊ मुख्यालय से सहायक निदेशक संजीव सिंह एवं रवि दीक्षित ने यूथ हॉस्टल, आगरा का भ्रमण किया। इस अवसर पर उन्होंने यूथ हॉस्टल परिसर में स्थापित रिसोर्स सेंटर का निरीक्षण किया तथा वहां उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं एवं संसाधनों की जानकारी प्राप्त की। इसके उपरांत उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम में उपस्थित बिजनौर, हाथरस, शामली, सहारनपुर एवं आगरा के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों से संवाद किया। अधिकारियों ने प्रतिभागियों से उनके कार्यों एवं अनुभवों के बारे में जानकारी ली तथा उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में युवाओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर सामाजिक एवं युवा विकास कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम सत्र में श्री मनीष कुमार, जिला युवा अधिकारी, हाथरस द्वारा प्रतिभागियों को युवा क्लबों के गठन एवं उनके प्रभावी संचालन के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने युवाओं को युवा क्लबों की आवश्यकता, उनके उद्देश्य तथा स्थानीय स्तर पर युवाओं को संगठित कर विभिन्न सामाजिक एवं विकासात्मक गतिविधियों से जोड़ने के बारे में बताया। साथ ही प्रतिभागियों को सोशल मीडिया अकाउंट के उचित एवं प्रभावी उपयोग के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई, जिससे वे डिजिटल माध्यमों का उपयोग कर अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंच बना सकें।
दोपहर के भोजन के उपरांत आयोजित द्वितीय सत्र में आगरा के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ग्रुप कूल फॉर फन (Cool for Fun) के सदस्य श्री मोहम्मद अनस, श्री मनीष परमार एवं उनकी टीम ने प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहभागिता की। टीम के सदस्यों ने राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों के साथ संवाद करते हुए सोशल मीडिया के वर्तमान स्वरूप एवं उसके प्रभावी उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की।
इस दौरान युवाओं को सोशल मीडिया के लिए प्रभावी एवं आकर्षक कंटेंट तैयार करने, विभिन्न प्लेटफॉर्म पर सही तरीके से कंटेंट साझा करने तथा सोशल मीडिया पर अपनी पहुंच एवं सहभागिता बढ़ाने के संबंध में व्यावहारिक जानकारी दी गई। इन्फ्लुएंसर टीम ने अपने अनुभव साझा करते हुए युवाओं को बताया कि किस प्रकार सकारात्मक एवं रचनात्मक विषयों पर तैयार किया गया कंटेंट अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सकता है। सत्र के दौरान प्रतिभागियों ने टीम के सदस्यों से संवाद किया तथा सोशल मीडिया और कंटेंट निर्माण से संबंधित अपनी जिज्ञासाओं एवं प्रश्नों पर चर्चा की। यह सत्र युवाओं के लिए अत्यंत रोचक, संवादात्मक एवं ज्ञानवर्धक रहा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के तृतीय सत्र में सेवानिवृत्त आरडी गोपाल भगत द्वारा प्रतिभागियों के लिए विभिन्न रचनात्मक एवं जागरूकता संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान युवाओं को “नशामुक्त युवा – विकसित भारत”, सड़क सुरक्षा तथा अन्य सामाजिक एवं जन-जागरूकता से जुड़े विषयों पर पेंटिंग एवं रचनात्मक गतिविधियां करने के लिए प्रेरित किया गया। प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से इन महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। इस गतिविधि का उद्देश्य युवाओं में सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना तथा उन्हें समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित करने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन में श्रीमती आशा रानी शर्मा, श्री अंकित एवं अन्य सहयोगियों ने सक्रिय रूप से अपना महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। सभी के संयुक्त प्रयासों से प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक संचालन किया गया।
यह राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, संचार कौशल, डिजिटल जागरूकता एवं सामाजिक सहभागिता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम के माध्यम से राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों को अपने-अपने क्षेत्रों में युवाओं को संगठित करने, युवा क्लबों को सक्रिय बनाने तथा विभिन्न सामाजिक एवं राष्ट्र निर्माण गतिविधियों में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित एवं प्रशिक्षित किया जा रहा है।


