
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में सूरसदन प्रेक्षागृह में निष्पक्ष, पारदर्शी एवं भयमुक्त निर्वाचन के दृष्टिगत वल्नरेबिलिटी मैपिंग के संबंध में सेक्टर मजिस्ट्रेटों को दिया गया प्रशिक्षण
संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों का चिह्नांकन, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा बूथों पर मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
आगरा.14/11/2026/आज जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में सूरसदन प्रेक्षागृह में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में आगामी विधानसभा निर्वाचन को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के दृष्टिगत जनपद के सेक्टर मजिस्ट्रेटों को वल्नरेबिलिटी मैपिंग के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनरों द्वारा वल्नरेबिलिटी मैपिंग की अवधारणा, उद्देश्य, प्रक्रिया एवं निर्धारित प्रारूप में सूचनाओं के संकलन और रिपोर्ट तैयार करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में बताया गया कि वल्नरेबिलिटी मैपिंग का उद्देश्य ऐसे मतदाताओं, मतदाता समूहों, गांवों एवं मजरों की पहचान करना है, जहां भय, दबाव, धमकी, प्रलोभन अथवा बाहुबल के कारण मतदाताओं के स्वतंत्र रूप से मतदान करने में बाधा उत्पन्न होने की आशंका हो। इसके अंतर्गत वल्नरेबिलिटी के कारणों एवं इसे उत्पन्न करने वाले व्यक्तियों की भी पहचान की जाती है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा वर्ष 2007 में प्रारंभ की गई यह व्यवस्था ‘कोई मतदाता पीछे न छूटे’ की भावना पर आधारित है।
प्रशिक्षण में बताया गया कि सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने आवंटित क्षेत्रों का भ्रमण कर पिछले निर्वाचन के अनुभवों एवं अभिलेखों, स्थानीय सूचनाओं, क्षेत्रीय परिस्थितियों तथा संबंधित व्यक्तियों से प्राप्त जानकारी के आधार पर वल्नरेबिलिटी का आकलन करेंगे। ऐसे मतदाताओं एवं समूहों की पहचान की जाएगी, जिन्हें किसी व्यक्ति अथवा समूह द्वारा डराने-धमकाने, दबाव बनाने या मतदान से रोकने की आशंका हो, तथा वल्नरेबिलिटी के पीछे के कारणों एवं जिम्मेदार व्यक्तियों का विवरण निर्धारित प्रारूप में अंकित करते हुए विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
प्रशिक्षण में संवेदनशील क्षेत्रों में मतदाताओं से संवाद स्थापित करने तथा उनमें सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण बनाने के लिए विश्वास बहाली के उपाय अपनाने के संबंध में भी जानकारी दी गई, साथ ही वल्नरेबिलिटी मैपिंग के आधार पर आवश्यक पुलिस बल एवं सुरक्षा व्यवस्था की कार्ययोजना तैयार करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में 1950 मतदाता हेल्पलाइन एवं सी-विजिल (cVIGIL) एप के संबंध में भी जानकारी दी गई। सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया गया कि वे मतदाताओं को इन माध्यमों के प्रति जागरूक करें, ताकि निर्वाचन से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत अथवा आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की सूचना समय से दर्ज कराई जा सके तथा प्राप्त शिकायतों पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
प्रशिक्षण में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि वल्नरेबिलिटी मैपिंग का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक मतदाता को बिना किसी भय, दबाव अथवा प्रलोभन के स्वतंत्र रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने आवंटित क्षेत्रों का गंभीरता से भ्रमण करें तथा केवल संवेदनशील मतदान केंद्रों तक सीमित न रहते हुए ऐसे मतदाताओं, समूहों एवं व्यक्तियों की भी पहचान करें, जिनके कारण मतदान प्रक्रिया प्रभावित होने की आशंका हो। वल्नरेबिलिटी के कारणों एवं संबंधित व्यक्तियों का स्पष्ट विवरण निर्धारित प्रारूप में तैयार कर समय से रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
उन्होंने निर्देशित किया कि संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों के चिह्नांकन के उपरांत संबंधित क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल एवं प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की कार्ययोजना तैयार की जाए। संवेदनशील क्षेत्रों में मतदाताओं से संवाद स्थापित कर उन्हें आश्वस्त किया जाए कि निर्वाचन के दौरान उनके मताधिकार के प्रयोग में किसी प्रकार का भय अथवा दबाव आड़े नहीं आने दिया जाएगा। वल्नरेबिलिटी उत्पन्न करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों को मतदान केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का भी स्थलीय सत्यापन करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों को वल्नरेबिलिटी मैपिंग की कार्यवाही निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कर तथ्यपरक एवं विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने हेतु पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी से कार्य करने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण में अपर जिलाधिकारी(नगर)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी यमुनाधर चौहान, अपर जिलाधिकारी(प्रशासन) आजाद भगत सिंह, अपर जिलाधिकारी(प्रोटोकॉल) अमरेंद्र कुमार वर्मा, अपर पुलिस उपायुक्त राजकुमार सिंह, एसडीएम नरेंद्र गंगवार सहित सेक्टर मजिस्ट्रेट मौजूद रहे।


