आगरा.14.11.2026.। ऐतिहासिक स्थल ताजमहल, आगरा की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा हेतु स्थायी समिति की समीक्षा बैठक में प्रस्तावित विचारणीय बिन्दुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में ताजमहल परिसर में अधिष्ठापित उपकरणों, सर्विलान्स सिस्टम एवं एण्टी ड्रोन सिस्टम, सीसीटीवी , स्कैनर की क्रियाशीलता की समीक्षा,परिसर के बाहर इण्टीग्रेटेड कण्ट्रोल रूम तैयार किये जाने एवं समस्त ब्लाइंड स्पॉट चिन्हित कर आवश्यकतानुसार सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराये जाने, पार्किंग व्यवस्था की अद्यतन स्थिति तथा बंदरों की समस्या के सम्बन्ध में विचार-विमर्श किया गया। बैठक में स्वीकृत जनशक्ति के सापेक्ष शासन के निर्देशानुसार शत-प्रतिशत तैनाती तथा वर्तमान में नियुक्त जनशक्ति के प्रशिक्षण आदि की स्थिति, मा० न्यायालय से सम्बन्धित आदेश एवं उनके अनुपालन की अद्यतन स्थिति तथा परिसर में कार्यरत संविदा / निजी कर्मियों का सत्यापन / सुरक्षा ऑडिट कराये जाने के सम्बन्ध में विभिन्न बिंदुओं पर समीक्षा हुई। रजिस्टर्ड और नॉन रजिस्टर्ड गाइड को अलग अलग रंग के पहचान पत्र सुनिश्चित किए जाने, ताजमहल की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं सुव्यवस्थित बनाने हेतु समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किए जाने हेतु संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।
समिति द्वारा ताजमहल परिसर का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
बैठक में पुलिस महानिदेशक(सुरक्षा) लखनऊ अमरेन्द्र के. सैंगर, अपर निदेशक आसूचना ब्यूरो,लखनऊ श्रीमती विनीता शर्मा, महानिरीक्षक सीआईएसएफ नवज्योति गोगोई, जिलाधिकारी मनीष बंसल, अपर आयुक्त पुलिस सचिन्द्र पटेल, डीसीपी सिटी रवींद्र कुमार, एडीए उपाध्यक्ष विजय कुमार, सेनानायक 15 वीं वाहिनी पीएसी, अधीक्षण पुरातत्त्व सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।


