दिनांक 12 सितंबर 2026 को लगभग 13:10 बजे शिकोहाबाद स्टेशन यार्ड में BCM-713 ट्रैक मशीन के डिब्बे में आग लगने की सूचना स्टेशन अधीक्षक/शिकोहाबाद द्वारा दी गई। यह स्पष्ट किया जाता है कि उक्त कोच किसी यात्री ट्रेन के कोच अथवा यात्रियों के आवागमन के लिए उपयोग किए जाने वाले डिब्बे नहीं हैं। ये कोच रेलवे के ट्रैक मेंटेनेंस कार्य में प्रयुक्त BCM मशीन के साथ तैनात ट्रैक मशीन स्टाफ के कैंपिंग के लिए उपयोग किए जाते हैं।
घटना शिकोहाबाद यार्ड में GT-2 लाइन पर खड़े कैंपिंग कोचों में हुई। मौके पर कुल 8 कैंपिंग कोच खड़े थे, जिनमें से एक कोच में आग लगी। अन्य कोचों को तत्काल अलग कर दिया गया, ताकि आग को अन्य कोचों तक फैलने से रोका जा सके। सूचना प्राप्त होते ही संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तत्काल अवगत कराया गया तथा एंबुलेंस एवं फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया गया।
प्रथम फायर ब्रिगेड लगभग 13:20 बजे तथा द्वितीय फायर ब्रिगेड लगभग 13:45 बजे घटनास्थल पर पहुंची। फायर ब्रिगेड द्वारा आग पर नियंत्रण कर लिया गया है।घटना के कारण मुख्य रेल लाइन पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित नहीं हुआ तथा मुख्य लाइन पर रेल यातायात सामान्य रूप से संचालित होता रहा। घटना के कारणों एवं परिस्थितियों की विस्तृत जांच के लिए जांच समिति गठित की गई है। समिति द्वारा घटना के कारणों एवं अन्य संबंधित पहलुओं की जांच कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर घटना के संबंध में आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


