एम.एस. चौहान मेमोरियल फुटबॉल लीग के चौथे दिन यादव फुटबॉल क्लब की शानदार जीत, यूनाइटेड एफ.सी. ने भी दर्ज की प्रभावशाली विजय

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा, 01 जुलाई। आगरा रीजन फुटबॉल एसोसिएशन (ARFA) द्वारा आयोजित एम.एस. चौहान मेमोरियल आगरा रीजन मेन्स फुटबॉल लीग 2026-27 के चौथे दिन आज के प्रथम मैच के मुख्य अतिथि ठाकुर  हरेंद्र सिंह (वरिष्ठ भाजपा नेता) रहे, जबकि द्वितीय मैच के मुख्य अतिथि  सुग्रीव सिंह चौहान (पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं वरिष्ठ भाजपा नेता) रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डी.एफ.ए. आगरा रीजन के अध्यक्ष बिल्लू चौहान ने की।

मुख्य अतिथि ठाकुर हरेंद्र सिंह ने कहा कि “खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। ऐसी प्रतियोगिताएं प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करने के साथ समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी करती हैं।”

द्वितीय मैच के मुख्य अतिथि श्री सुग्रीव सिंह चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि “फुटबॉल जैसे टीम खेल युवाओं में समर्पण, एकता और संघर्ष की भावना विकसित करते हैं। आगरा रीजन फुटबॉल एसोसिएशन द्वारा खिलाड़ियों को निरंतर अवसर उपलब्ध कराना अत्यंत सराहनीय पहल है।”

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डी.एफ.ए. आगरा रीजन के अध्यक्ष श्री बिल्लू चौहान ने कहा कि संस्था का उद्देश्य प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को तैयार करने के लिए नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण प्रतियोगिताओं का आयोजन करना है। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, खेल भावना एवं खेल के प्रति समर्पण बनाए रखने का आह्वान किया।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों के रूप में  संजय शर्मा (क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी,आगरा), उमाशंकर उपाध्याय, रोहित कटारा,  अरुण उपाध्याय,  शोभित कटारा,  राजपाल सिंह जादौन,  जोगेंद्र सिंह चौहान,  आदित्य चौहान (सचिव, आगरा फुटबॉल अकादमी),  प्रमोद कश्यप,  वीरेंद्र सिंह चौहान (बॉबी भाई), राष्ट्रीय खिलाड़ी  अक्षय सिंह,  मनोहर लाल कश्यप एवं  अन्नू कुशवाहा सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

मैच परिणाम

दिन का पहला मुकाबला 9 पैरा एवं यादव फुटबॉल क्लब के मध्य खेला गया। मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। मैच के प्रथम हाफ में अनुज ने शानदार गोल कर यादव फुटबॉल क्लब को बढ़त दिलाई। निर्धारित समय तक यही एकमात्र गोल निर्णायक साबित हुआ और यादव फुटबॉल क्लब ने 9 पैरा को 1-0 से पराजित कर महत्वपूर्ण जीत दर्ज की।

दूसरा मुकाबला यूनाइटेड एफ.सी. एवं श्री जी फुटबॉल क्लब, मथुरा के मध्य खेला गया। यूनाइटेड एफ.सी. ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए 4-2 से शानदार जीत दर्ज की। यूनाइटेड एफ.सी. की ओर से गगनदीप एवं पुष्पराज ने दो-दो गोल कर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं श्री जी फुटबॉल क्लब, मथुरा की ओर से आदित्य एवं अंकित ने एक-एक गोल किया।

प्रतियोगिता के मैचों का सफल संचालन रेफरी  मनोहर सिंह चाहर,  परमजीत सिंह ‘पम्मी’,  अजय यादव, योगेश वर्मा, बाबर खान एवं  अक्षय सिंह ने किया।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन एवं व्यवस्थाओं में  अर्चना सिंह,  उर्वशी सिकरवार,  श्रुति जादौन,  यशोदा,  किरण कुशवाहा,  इलमा, मन्नू यादव,  राखी यादव एवं  साक्षी यादव सहित समस्त ऑफिशियल टीम का सराहनीय योगदान रहा, जिनके कुशल समन्वय से प्रतियोगिता का आयोजन सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

02 जुलाई 2026 के निर्धारित मुकाबले

प्रथम मैच: यादव फुटबॉल क्लब बनाम के.आर. फुटबॉल क्लब, मथुरा — समय: दोपहर 2:30 बजे

द्वितीय मैच: आगरा फुटबॉल अकादमी बनाम यूनाइटेड फुटबॉल क्लब — समय: सायं 4:30 बजे

आगरा रीजन फुटबॉल एसोसिएशन ने सभी खेल प्रेमियों से अपील की है कि वे आगामी मुकाबलों में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *