स्वच्छ सर्वेक्षण के लिए फीडबैक हुआ शुरु, नंबर 1 बनने की दौड़ में आगरा, नागरिकों से फीडबैक की अपील
आगरा। देशभर में स्वच्छता की रैंकिंग तय करने वाले स्वच्छ सर्वेक्षण 2025–26 के लिए फीडबैक का आगाज़ 25 अप्रैल से हो चुका है। इस बार आगरा शहर ने स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित किया है। देश में नंबर 1 स्थान हासिल करना। नगर निगम प्रशासन ने इसके लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं और सबसे अधिक जोर नागरिकों की भागीदारी पर दिया जा रहा है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए नगरआयुक्त अंकित खंडेलवाल ने बताया कि पिछले वर्ष 2024–25 में आगरा ने स्वच्छता, जल प्रबंधन और वायु गुणवत्ता जैसे तीनों प्रमुख क्षेत्रों में राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया था। इस सफलता ने शहरवासियों का उत्साह बढ़ाया है और अब उसी ऊर्जा के साथ एक नई उपलब्धि हासिल करने की दिशा में कदम बढ़ाए जा रहे हैं।
नगर निगम द्वारा नागरिकों से अपील की जा रही है कि वे स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत दिए जा रहे सिटीजन फीडबैक में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। इसके लिए ओटीपी लिंक या क्यूआर कोड के माध्यम से कुछ ही सेकंड में अपनी राय दर्ज की जा सकती है। नागरिकों का प्रत्येक फीडबैक शहर की रैंकिंग में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें आमजन की सक्रिय भागीदारी अनिवार्य है। इसी उद्देश्य से लोगों को अपने परिवार, मित्रों और आस-पड़ोस के लोगों को भी फीडबैक देने के लिए प्रेरित करने को कहा जा रहा है। स्पष्ट किया है कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषणमुक्त बनाने के लिए लगातार अभियान चलाए जाएंगे। कचरा प्रबंधन, सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई और जनजागरूकता कार्यक्रमों को और तेज किया जाएगा।
यह अभियान केवल एक सर्वेक्षण नहीं, बल्कि शहर की पहचान और गौरव से जुड़ा हुआ है। यदि हर नागरिक अपना योगदान सुनिश्चित करे, तो वह दिन दूर नहीं जब आगरा स्वच्छता के मामले में देशभर में शीर्ष स्थान हासिल करेगा।


