
—- हीट वेव से बचाव के लिए नगर आयुक्त के निर्देश पर शहर के प्रमुख स्थानों पर ठंडे पानी की व्यवस्था
आगरा। भीषण गर्मी और हीट वेव के बढ़ते असर के बीच जलकल विभाग आमजन को राहत पहुंचाने के लिए सक्रिय नजर आ रहा है। शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्याऊ स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे राहगीरों और आम नागरिकों को राहत मिल सके।
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल के निर्देश पर जलकल विभाग द्वारा अब तक शहर के एक दर्जन स्थानों पर प्याऊ स्थापित किए जा चुके हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए कार्यवाहक महाप्रबंधक जलकल संघ भूषण ने बताया कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है, ताकि लोगों को स्वच्छ और ठंडा पानी सुलभ हो सके।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में ईदगाह, टेढ़ी बगिया पुलिस चौकी, राजामंडी, गधापाड़ा, बिजलीघर, पुष्पांजलि हॉस्पिटल, जीवनी मंडी, भगवान टॉकीज, आईएसबीटी, वाटर वर्क्स और जलकल विभाग के मुख्य गेट सहित करीब एक दर्जन स्थानों पर प्याऊ संचालित किए जा रहे हैं।
व्यवस्थाओं को दुरुस्त बनाए रखने के लिए विभाग द्वारा कर्मचारियों और अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो नियमित निरीक्षण कर पानी की गुणवत्ता और उपलब्धता सुनिश्चित कर रहे हैं।
अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में और स्थानों का चयन कर प्याऊ की संख्या बढ़ाई जाएगी, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को राहत मिल सके। भीषण गर्मी के इस दौर में नगर निगम की यह पहल आमजन के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है, खासकर उन लोगों के लिए जो दिनभर धूप में काम करने को मजबूर हैं।


