
आगरा, 16 जून। आज दिनांक 16 जून 2026 को नवागत मुख्य कोषाधिकारी वरुण खरे का स्वागत एवं सम्मान कोषागार,आगरा स्थित पैंशनर हाल में वरिष्ठ नागरिक पेंशनर्स सेवा संस्थान,आगरा तथा सेवानिवृत प्राथमिक शिक्षक कल्याण परिषद,आगरा द्वारा बहुत ही अल्प नोटिस पर किया गया। इस अवसर पर मुख्य कोषाधिकारी वरुण खरे ने बताया कि मेरठ की तरह आगरा में भी एक अभियान चलाया जाएगा जिसमें पेंशनर के एक निकट संबंधी का नाम,मोबाइल नम्बर और आधार पेंशनर की मूल पत्रावली में संरक्षित रखा जाएगा जिससे पेंशनर के ना होने तथा पत्नी की भी मृत्यु होने की दशा में उससे संपर्क स्थापित किया जा सके ।
जो भी कार्यवाही शेष कोषागार स्तर पर बची हो जैसे LTA का भुगतान,अधिक भुगतानित राशि की वसूली इत्यादि कार्य संपन्न हो सके,साथ ही उन्होंने कहा कि पेंशनर के जीवित रहते हुए ही जिन जिन पेंशनरों की पत्रावलियों में भाग 3 नहीं है उसको भी एक ड्राइव चला कर पूरा किया जाएगा ताकि पारिवारिक पेंशन प्रारंभ करने में देरी और असुविधा का सामना ना करना पड़े। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिक पेंशनर्स सेवा संस्थान,आगरा द्वारा वरुण खरे को अभिनंदन पत्र सहित पारंपरिक तरीके से सम्मानित भी किया गया। समारोह में सर्व श्री प्रो. नरेंद्र सिंह यादव, आबिद मोहम्मद खान सह संयोजक बनवारी लाल राजपूत,हरिकांत शर्मा,नरेंद्र सिंह,विमल कुमार शर्मा,जमीर अहमद खान,कारण सिंह भारतीय,उमेश चंद्र शर्मा,महावीर सिंह,बच्चू सिंह,सौदान सिंह आदि पेंशनर भी उपस्थित रहे । समारोह का संचालन वीर सिंह यादव ने किया।


