आगरा। एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में सोमवार को आयोजित जनपदीय बालिका क्रीड़ा प्रतियोगिता में बालिका खिलाड़ियों ने खेल प्रतिभा और जुझारूपन का शानदार प्रदर्शन किया। 14, 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग की प्रतियोगिता में जनपद की 15 टीमों ने प्रतिभाग किया। मैदान पर जीत के लिए खिलाड़ियों के बीच जोरदार संघर्ष देखने को मिला।
प्रतियोगिता का शुभारंभ श्रीमती मंजू रानी, संयोजक एवं प्रधानाचार्य, केंट इंटर कॉलेज, आगरा छावनी ने किया। विभिन्न आयु वर्गों के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अनुशासन, आत्मविश्वास और उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
14 वर्ष आयु वर्ग के फाइनल में विवेकानंद इंटर कॉलेज, जरुआ कतरा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए केंट इंटर कॉलेज, आगरा छावनी को 14-12 से पराजित कर जनपदीय विजेता का खिताब हासिल किया।
17 वर्ष आयु वर्ग में केंट इंटर कॉलेज, आगरा छावनी की टीम ने एकतरफा मुकाबले में विवेकानंद इंटर कॉलेज को 32-4 के बड़े अंतर से शिकस्त देकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
वहीं 19 वर्ष आयु वर्ग के फाइनल में गोपीचंद शिवहरे कन्या इंटर कॉलेज, सदर आगरा ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए केंट इंटर कॉलेज को 18-12 से हराकर जनपदीय विजेता का खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेता एवं उपविजेता टीमों की खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण मुख्य अतिथि दीपक मोहन (आईडीईएस), मुख्य अधिशासी अधिकारी, आगरा छावनी एवं यशपाल सिंह (आईडीईएस), रक्षा संपदा अधिकारी, आगरा छावनी ने संयुक्त रूप से किया।
प्रतियोगिता को सफल बनाने में निर्णायक मंडल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। निर्णायक मंडल में बीरपाल सिंह, ब्रजेश कुमार, रोहित सिंह एवं केपी सिंह यादव शामिल रहे। वहीं चयनकर्ता के रूप में एन.के. बिंदु, विजय लक्ष्मी सिंह एवं बृजेश कुमार ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया।
इस अवसर पर रवि प्रकाश, सह-सचिव, रजनेश शर्मा, प्रदीप कुमार शर्मा, अंकुर लवानिया, श्रीमती दीपा भगत, पूनम चाहर, जनार्दन राणा सहित खेल विभाग के अधिकारी, शिक्षक, प्रशिक्षक, निर्णायक एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे। प्रतियोगिता का संचालन ललित पाराशर एवं प्रशांत शुक्ला ने संयुक्त रूप से किया।
आयोजकों ने विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह खिलाड़ियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर अभ्यास और मेहनत के बल पर जनपद एवं प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।


