औद्योगिक क्षेत्रों से संबंधित विद्युत, सड़क, जलभराव, नाला सफाई, ओडीओपी सहित विभिन्न प्रकरणों की हुई समीक्षा, अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्यवाही के निर्देश

Press Release उत्तर प्रदेश

मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती प्रतिभा सिंह की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक संपन्न

आगरा.31/08/2026/मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती प्रतिभा सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय उद्योग बंधु समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में जनपद के औद्योगिक क्षेत्रों से संबंधित विभिन्न समस्याओं एवं प्रकरणों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को उद्यमियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सर्वप्रथम विगत बैठक की अनुपालन आख्या तलब की गई। औद्योगिक क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति, सड़क एवं नाला निर्माण, जलभराव, साफ-सफाई, नालों की सफाई तथा आवागमन से संबंधित प्रकरणों पर विभागवार जानकारी ली गई। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्योग बंधुओं द्वारा प्रस्तुत समस्याओं का स्थलीय परीक्षण कराते हुए नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए विद्युत विभाग के अधिकारियों को रोस्टर के अनुरूप निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा विद्युत संबंधी समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
औद्योगिक क्षेत्रों में सड़क, नाला निर्माण एवं जलभराव से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा के दौरान संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही नालों की नियमित सफाई तथा जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों में साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, जलभराव एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं की भी मुख्य विकास अधिकारी द्वारा जानकारी तलब की गई। उन्होंनेने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि औद्योगिक क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण करते हुए आवश्यक कार्यवाही करें तथा कराए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।
बैठक में एक जनपद एक उत्पाद योजना सहित उद्योगों के विकास एवं प्रोत्साहन से जुड़े प्रकरणों पर भी चर्चा की गई। संबंधित अधिकारियों को उद्यमियों की समस्याओं का नियमानुसार समाधान कराने तथा पात्र प्रस्तावों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जनपद में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए उद्यमियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उद्योग बंधु समिति में प्राप्त प्रकरणों पर संबंधित विभाग समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें, जिससे उद्यमियों को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।
बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व संदीप कुमार वर्मा, जिला उपायुक्त उद्योग शैलेंद्र कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण, जिला उद्योग बंधु समिति के सदस्यगण आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *