सुभाष मार्केट में नाले पर बनी दुकानें मंगलवार को होंगी ध्वस्त

Press Release उत्तर प्रदेश

—- महिला की मौत के बाद नगर निगम सख्त, पोकलैंड मशीन का किया जाएगा उपयोग
—– नाले के ऊपर और किनारे स्थित सभी सात दुकानदारों को खाली करने को नगर निगम प्रशासन दें चुका है नोटिस

आगरा। सुभाष मार्केट में नाले के ऊपर और किनारे बनी दुकानों को ध्वस्त करने के लिए नगर निगम प्रशासन मंगलवार को कार्रवाई करेगा। नाले के ऊपर बनी दुकान संख्या 5, 6 और 7 को पोकलैंड मशीन की मदद से ध्वस्त कराया जाएगा। पिछले माह बारिश के दौरान एक दुकान के नाले में समाने से गंगा देवी नाम की महिला की मौत के बाद नगर निगम प्रशासन ने नाले को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में नाले के ऊपर और किनारे स्थित दुकानों को खाली कराया जा रहा है।
मुख्य अभियंता अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि दुकान संख्या 5, 6 और 7 पर क्रमश: ज्ञान चंद, कुलदीप और कमलजीत काबिज हैं। इन दुकानों को ध्वस्त करने के लिए सोमवार को भी नगर निगम की टीम अवर अभियंता कृष्ण गोपाल के नेतृत्व में सुभाष मार्केट पहुंची थी। टीम जेसीबी लेकर कार्रवाई के लिए गई थी, लेकिन दुकानों की स्थिति जेसीबी की बकेट की पहुंच से दूर होने के कारण ध्वस्तीकरण नहीं हो सका। मंगलवार को पोकलैंड मशीन मंगाकर दुकानों को ध्वस्त कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नाले के ऊपर बनी दुकान संख्या चार पहले ही नाले में गिर चुकी है। ऐसे में नाले के ऊपर बनी शेष दुकानों को भी हटाया जाना जरूरी है, ताकि बारिश के दौरान किसी अन्य हादसे की आशंका न रहे।

—- सात दुकानदारों को जारी हो चुके हैं नोटिस

सहायक नगर आयुक्त एवं प्रभारी संपत्ति श्रद्धा पांडेय ने बताया कि नाले के ऊपर और किनारे स्थित सभी सात दुकानदारों को दुकानें खाली करने के लिए नोटिस जारी किए जा चुके हैं। नाले के ऊपर स्थित दुकानों को खाली कराया जा चुका है। वहीं नाले के किनारे स्थित दुकान संख्या 1, 2, 3 और 8 को भी खाली कराने की कार्रवाई चल रही है। इन दुकानों पर क्रमश: सुशील कुमार, भूषण कुमार, धर्मेन्द्र कुमार और दामोमल काबिज हैं।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, नाले के ऊपर और किनारे बनी दुकानों के कारण बारिश के दौरान जल निकासी प्रभावित होने के साथ-साथ आसपास के लोगों की सुरक्षा को भी खतरा बना रहता है। गंगा देवी की मौत के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए निगम प्रशासन ने इन दुकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू की है।

—- पोकलैंड से होगी कार्रवाई**

सोमवार को जेसीबी की पहुंच नहीं होने के कारण कार्रवाई रुकने के बाद अब मंगलवार को पोकलैंड मशीन के जरिए दुकान संख्या 5, 6 और 7 को ध्वस्त कराया जाएगा। नगर निगम की टीम ने इसके लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। अधिकारियों का कहना है कि नाले के ऊपर और किनारे स्थित सभी दुकानों को हटाकर नाले को सुरक्षित किया जाएगा।

—- नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य का वर्जन:

“सुभाष मार्केट में नाले के ऊपर और किनारे बनी दुकानों को हटाने की कार्रवाई सुरक्षा की दृष्टि से की जा रही है। बारिश के दौरान हुई दुर्घटना के बाद नाले को अतिक्रमण मुक्त कराना प्राथमिकता है। जिन दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए हैं, उनसे दुकानें खाली कराई जा रही हैं। नाले के ऊपर बनी जिन दुकानों को हटाया जाना बाकी है, उन्हें आवश्यक मशीनरी की मदद से ध्वस्त कराया जाएगा। लोगों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *