अर्जुन नगर क्षेत्र में 238 कुत्तों को लगाए गए टीके

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा। नगर निगम द्वारा संचालित डॉग वैक्सीनेशन अभियान के तहत वार्ड संख्या 31 के वेस्ट अर्जुन नगर क्षेत्र में व्यापक अभियान चलाया गया। इस दौरान जोधा बाई का रोज़ा, सरिता सदन तथा 13 नंबर के पास वाली गली सहित आसपास के इलाकों में विशेष रूप से टीमों ने पहुंचकर आवारा कुत्तों का टीकाकरण किया।
अभियान के तहत कुल 238 कुत्तों को एंटी-रेबीज वैक्सीन लगाई गई। निगम की टीम ने क्षेत्र में घर-घर और गलियों में जाकर कुत्तों को चिन्हित किया और सुरक्षित तरीके से उनका टीकाकरण किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी सहयोग किया और टीम को कुत्तों को पकड़ने व नियंत्रित करने में मदद की।
अधिकारियों के अनुसार, गर्मी के मौसम में कुत्तों के व्यवहार में बदलाव देखने को मिलता है, जिससे डॉग बाइट की घटनाएं बढ़ सकती हैं। ऐसे में यह वैक्सीनेशन अभियान नागरिकों की सुरक्षा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है।
नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि वे अपने आसपास के आवारा कुत्तों को भोजन व पानी उपलब्ध कराएं, ताकि उनके व्यवहार में आक्रामकता कम हो और शहर में सुरक्षित माहौल बना रहे।
अभियान आगे भी अन्य वार्डों में जारी रहेगा, जिससे शहर को रेबीज मुक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *