स्कूल-कॉलेज बनेंगे स्वच्छ सर्वेक्षण के ‘फीडबैक हब’

Press Release उत्तर प्रदेश

 QR कोड से छात्र-शिक्षक देंगे फीडबैक, शहर की रैंकिंग सुधारने को नगर निगम द्वारा की जा रही जोरदार पहल

आगरा। शहर की स्वच्छता रैंकिंग को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम अब फीडबैक जुटाने के अभियान को और तेज करने जा रहा है। गली-मोहल्लों में चल रहे अभियान के साथ-साथ अब स्कूलों, कॉलेजों और कोचिंग सेंटरों को भी इस मुहिम से जोड़ा जाएगा। इसके तहत इन शैक्षणिक संस्थानों में विशेष रूप से ‘स्टाल और कैंप लगाकर बड़े पैमाने पर फीडबैक कराया जाएगा।
नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन के लिए नागरिकों की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। इसी को ध्यान में रखते हुए सभी स्कूलों और कॉलेजों के प्रबंधन को पत्र लिखकर सहयोग की अपील की जा रही है, ताकि अधिक से अधिक छात्र, शिक्षक और स्टाफ इस अभियान से जुड़ सकें।
उन्होंने बताया कि शैक्षणिक संस्थानों में QR कोड और लिंक के माध्यम से फीडबैक की प्रक्रिया को आसान बनाया जाएगा। छात्र-छात्राएं, शिक्षक और अन्य कर्मचारी अपने मोबाइल फोन से QR कोड स्कैन कर सीधे फीडबैक दे सकेंगे। इससे कम समय में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित होगी।
नगर निगम प्रशासन का मानना है कि युवाओं और शिक्षित वर्ग की सक्रिय भागीदारी से न केवल फीडबैक की संख्या बढ़ेगी, बल्कि शहर की स्वच्छता को लेकर जागरूकता भी मजबूत होगी। अभियान के तहत स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी, जिससे स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित हो।नगर निगम प्रशासन का लक्ष्य है कि इस विशेष अभियान के जरिए अधिकतम नागरिकों तक पहुंच बनाकर स्वच्छ सर्वेक्षण में शहर की रैंकिंग को नई ऊंचाई पर पहुंचाया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *