जिलाधिकारी मनीष बंसल के निर्देश पर कृषि विभाग की टीमों ने की छापेमारी,किया उर्वरक केंद्रों का निरीक्षण
जनपद आगरा में यूरिया उर्वरक की कोई कमी नहीं, सहकारी क्षेत्र में 8807 मीट्रिक टन एवं निजी क्षेत्र में 30013 मीट्रिक टन उपलब्ध
आगरा.28.11.2026.जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद आगरा में रबी फसलों की बुआई के उपरान्त प्रयोग होने वाली यूरिया उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। वर्तमान में सहकारी क्षेत्र में यूरिया 8807 मीट्रिक टन एवं निजी क्षेत्र में 30013 मीट्रिक टन उपलब्ध है।
सहकारी एवं निजी उर्वरक विक्रय के माध्यम से कृषकों को नियमानुसार यूरिया उर्वरक का वितरण कराया जा रहा है। जिलाधिकारी आगरा के निर्देश के क्रम में कृषि विभाग एवं सहकारिता विभाग के अधिकारी / कर्मचारी द्वारा बिक्री केंद्रों पर छापेमारी व निरन्तर निरीक्षण किया जा रहा है।
किसान भाइयों को अवगत कराना है कि जनपद में यूरिया उर्वरक की किसी भी प्रकार की कमी नहीं है, वह अपने जोत / खतौनी के अनुसार किसी भी उर्वरक केंद्र से संस्तुत के मात्रा के आधार पर यूरिया उर्वरक प्राप्त कर सकते हैं।
आज दिनांक 28-11-2026 को जिला कृषि अधिकारी, आगरा द्वारा मै० सिकरवार खाद बीज भण्डार-उनतरा, आई०एफ०एफ०डी०सी० कृषक सेवा केंद्र-रायभा, इन्दौलिया कृषक सेवा केंद्र-किरावली, चौधरी खाद बीज भण्डार-किरावली, साधन सहकारी समिति-मिड़ाकुर, शिवम् कॉप नोवल कृषक फार्मर्स प्रोड्यूसर कम्पनी लिमिटेड-भिड़कुर, चहर खाद बीज भण्डार-दूरा रोड, बालाजी कृषि सेवा केंद्र-फतेहपुर सीकरी, गिर्राज जी खाद बीज भण्डार-कुकथला का निरीक्षण किया गया।
वहाँ पर उपस्थित कृषकों को सुचारू रूप से उर्वरक वितरण कराये जाने का अनुश्रवण किया गया। साथ ही समस्त विक्रेताओं को निर्देशित किया गया कि यूरिया उर्वरक का कृषकों को निर्धारित दर रू० 266.50 प्रति बैग के हिसाब से विक्रय किया जाये, किसी भी परिस्थिति में निर्धारित मूल्य से अधिक धनराशि वसूल न की जाये।
उर्वरक के साथ किसी भी प्रकार के उत्पाद की अनावश्यक टैगिंग या जबरन बिक्री न की जाये। साथ ही निर्देशित किया गया कि विक्रय मूल्य एवं उर्वरक स्टॉक की स्थिति स्टॉक / रेट बोर्ड पर प्रतिदिन अंकित की जाये, समस्त कृषकों को उनके उर्वरक क्रय के अनुसार कैश मेमो जारी की जाये और बिक्री रजिस्टर पर किसान की आधार नम्बर, मोबाइल नम्बर एवं फार्मर रजिस्ट्री का अंकन किया जाये।नियमों का उल्लंघन किये जाने वाले विक्रेताओं के विरुद्ध आवश्यक कठोरतम् कार्यवाही की जायेगी।
उर्वरक गुणवत्ता नियंत्रण के अन्तर्गत चहर खाद बीज भण्डार दूरा रोड, चौधरी खाद बीज भण्डार किरावली, बालाजी कृषि सेवा केंद्र फतेहपुर सीकरी, गिर्राज जी खाद बीज भण्डार कुकथला, माँ गंगा कृषि सेवा केंद्र किरावली प्रत्येक से उर्वरक नमूने ग्रहित किये गये।


