आगरा मंडल में सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के अंतर्गत सतर्कता सेमिनार का आयोजन
रेलव बोर्ड एवं उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय, प्रयागराज के निर्देशानुसार 26 अक्टूबर से 01 नवंबर 2026 तक “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” थीम के अंतर्गत सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज दिनांक 27 अक्टूबर 2026 को आगरा मंडल के मंडल कार्यालय स्थित गोवर्धन सभागार में मुख्यालय के सतर्कता विभाग द्वारा सतर्कता जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल ने मुख्य सतर्कता अधिकारी (स्टोर) विपुल कनौजिया का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके अतिरिक्त उप मुख्य सतर्कता अधिकारी (इंजी.) गुंजन श्रीवास्तव, उप मुख्य सतर्कता अधिकारी (ट्रैफिक) संजय कुमार, उप मुख्य सतर्कता अधिकारी (यांत्रिक) ऋषिराज एवं उप मुख्य सतर्कता अधिकारी (विद्युत) कृष्णकांत का आगरा मंडल के शाखा अधिकारियों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
सेमिनार को संबोधित करते हुए मुख्य सतर्कता अधिकारी (स्टोर) श्री विपुल कनौजिया ने अधिकारियों को अपने कार्यों के निष्पादन में पारदर्शिता बनाए रखने, निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का पालन करने तथा सतर्कता के प्रति सजग रहने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि कार्यप्रणाली में ईमानदारी, जवाबदेही और नियमों के अनुपालन से प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित होती है।
मुख्यालय से आए अन्य सतर्कता अधिकारियों ने भी अपने संबोधन में सतर्कता से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रकाश डालते हुए अधिकारियों को आवश्यक सावधानियों एवं प्रक्रियाओं की जानकारी दी। इस दौरान आगरा मंडल के शाखा अधिकारियों के सुझावों को सुना गया तथा उनके द्वारा पूछे गए प्रश्नों का उत्तर देकर विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
मंडल रेल प्रबंधक श्री गगन गोयल ने अपने संबोधन में सतर्कता जागरूकता सेमिनार को कार्यप्रणाली में पारदर्शिता एवं सत्यनिष्ठा को बढ़ावा देने की दिशा में उपयोगी पहल बताया। उन्होंने इस जागरूकता कार्यक्रम के आयोजन के लिए मुख्यालय के सतर्कता विभाग के अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा कार्यों में ईमानदारी, निष्पक्षता और नियमों के पालन को प्राथमिकता देने पर बल दिया।
इस अवसर पर सतर्कता एवं सत्यनिष्ठा का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से एक नुक्कड़ नाटक का भी आयोजन किया गया। नाटक के माध्यम से कार्यस्थल पर ईमानदारी, पारदर्शिता एवं नैतिक मूल्यों को अपनाने का प्रभावी संदेश दिया गया।
आगरा मंडल में इस सेमिनार का आयोजन कार्मिक शाखा द्वारा किया गया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक आगरा गिरीश कुमार गुप्ता व मंडल के शाखा अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अरुण कुमार तोमर ने किया।


