दरगाह बाबा कमाल खां के सालाना उर्स का भव्य आगाज: खेरागढ़ विधायक भगवान सिंह कुशवाहा ने पेश की चादर, देश में अमन-चैन की मांगी दुआएं
आगरा:ताजनगरी के जगनेर रोड स्थित हजरत बाबा कमाल खां की दरगाह के सालाना उर्स का बुधवार को हर्षोल्लास एवं अकीदत के साथ शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि खेरागढ़ विधायक भगवान सिंह कुशवाहा ने फीता काटकर उर्स का विधिवत उद्घाटन किया और बाबा की मजार पर अकीदत के साथ चादर पेश की। विधायक ने दरगाह में मत्था टेककर क्षेत्र व देश में सुख, शांति, समृद्धि और अमन-चैन की दुआ मांगी। उर्स के उपलक्ष्य में पूरी दरगाह को भव्य श फूल-मालाओं और आकर्षक विद्युत रोशनी से सजाया गया। सुबह से ही बाबा के आस्ताने पर अकीदतमंदों और जायरीनों का तांता लगा रहा, जो देर रात तक अनवरत चलता रहा। दोपहर करीब 11 बजे चादरपोशी का सिलसिला शुरू हुआ, जहां श्रद्धालुओं ने हार-फूल और तबर्रुक पेश किए। फातिहा ख्वानी के बाद मुल्क में भाईचारे और खुशहाली की सामूहिक दुआएं की गईं। इस दौरान जगह-जगह भंडारों का भी आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। जगनेर रोड स्थित यह परिसर ताजनगरी की साझा संस्कृति और भाईचारे का अनूठा केंद्र है। यहां एक ही परिसर में एक ओर बाबा कमाल खां की मजार है, तो दूसरी ओर मंदिर स्थित है। हिंदू-मुस्लिम दोनों समुदायों के लोग यहां पूरी आस्था के साथ सजदा करते हैं और मन्नत मांगते हैं। बताया जाता है कि यह दरगाह मुगल बादशाह अकबर के शासनकाल में तामीर हुई थी, जो सदियों से सांप्रदायिक सौहार्द का संदेश दे रही है।
उर्स के मौके पर मुख्य रूप से अध्यक्ष भोला ठाकुर, उपाध्यक्ष राकेश कुशवाह, मनोज नोतनानी, पार्षद अजय गोस्वामी, पवन कुशवाह, फरमान अली, फतेह सिंह, शंकर कुशवाह, अजय नोतनानी, अली मोहम्मद, दिनेश कुशवाह, नेक कुशवाह, नीरज लोधी, चंद्रभान कुशवाह, शंकर कुशवाह, भोला पंडित सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक व श्रद्धालु उपस्थित रहे।


