सीएम ग्रिड की सड़क में बाधा बने अतिक्रमणकारियों को 24 घंटे का अल्टीमेटम
आगरा। सीएम ग्रिड योजना के तहत कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य में बाधा बन रहे अतिक्रमण को लेकर नगर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। टेढ़ी बगिया क्षेत्र में नगर निगम की टास्कफोर्स ने मुनादी कराकर अतिक्रमणकारियों को 24 घंटे के भीतर अवैध कब्जे हटाने की चेतावनी दी है। निर्धारित समय में अतिक्रमण नहीं हटाने पर निगम की ओर से ध्वस्तीकरण और जब्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
सीएम ग्रिड योजना के अंतर्गत सड़क निर्माण कार्य को व्यवस्थित तरीके से पूरा कराने के लिए नगर निगम प्रशासन बाधाओं को दूर करने में जुटा है। इसी क्रम में टेढ़ी बगिया कालिंदी विहार क्षेत्र में सड़क निर्माण में रुकावट पैदा कर रहे अतिक्रमण को चिह्नित करते हुए संबंधित लोगों को स्वयं अतिक्रमण हटाने का अल्टीमेटम दिया गया। नगर निगम की टास्कफोर्स ने क्षेत्र में मुनादी कराकर स्पष्ट किया कि अतिक्रमण हटाने के लिए 24 घंटे का समय दिया जा रहा है।
निगम प्रशासन ने चेतावनी दी है कि समयसीमा समाप्त होने के बाद भी यदि अतिक्रमण बरकरार रहता है तो संबंधित स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण ध्वस्त किए जाएंगे और अतिक्रमण में इस्तेमाल होने वाले सामान को जब्त किया जाएगा। ऐसी स्थिति में कार्रवाई का खर्च और अन्य नियमानुसार दायित्व भी संबंधित लोगों पर आ सकते हैं।
नगर निगम की इस कार्रवाई का उद्देश्य सड़क निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं को दूर करना और योजना के कार्यों को सुचारु रूप से आगे बढ़ाना है। अभियान के दौरान सहायक अभियंता जीवेक भी उपस्थित रहे। निगम की ओर से स्पष्ट संकेत दिया गया है कि विकास कार्यों में बाधा बनने वाले अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और चेतावनी के बाद भी कब्जा नहीं हटाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


