एशिया-पैसिफिक लैक्रोस सिक्सेस चैंपियनशिप 2026 के राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर हेतु आगरा के दो खिलाड़ियों का चयन, शकील खान बने कैंप कोऑर्डिनेटर एवं सेलेक्टर

उत्तर प्रदेश
शकील खान सलेक्टर
शशांक शर्मा
शिव्या शर्मा

आगरा। ताज नगरी आगरा के लिए एक बार फिर गर्व का अवसर आया है। आगामी एशिया-पैसिफिक लैक्रोस सिक्सेस चैंपियनशिप 2026, जो अक्टूबर माह में ऑस्ट्रेलिया के सनशाइन कोस्ट में आयोजित होगी, उसके लिए आयोजित राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में आगरा के दो होनहार खिलाड़ियों शशांक शर्मा एवं शिव्या शर्मा का चयन हुआ है। यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर 17 जून से 1 जुलाई 2026 तक गलगोटियास यूनिवर्सिटी, ग्रेटर नोएडा में आयोजित किया जाएगा, जिसमें देशभर से चयनित प्रतिभाशाली खिलाड़ी भाग लेंगे।
चयनित खिलाड़ियों में शशांक शर्मा, जो आगरा के शारदा वर्ल्ड स्कूल के छात्र हैं, अपनी खेल प्रतिभा और अनुशासन के लिए जाने जाते हैं। वहीं, शिव्या शर्मा बी.एससी. की छात्रा हैं और जॉन मिल्टन पब्लिक स्कूल, आगरा में नियमित रूप से अभ्यास कर अपनी खेल प्रतिभा को निखार रही हैं। दोनों खिलाड़ियों ने अपने निरंतर परिश्रम, समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन के बल पर इस राष्ट्रीय शिविर में स्थान बनाया है।
आगरा के इन दोनों खिलाड़ियों के चयन से न केवल उनके परिवारों में, बल्कि पूरे शहर के खेल जगत में खुशी और उत्साह का वातावरण है। खेल प्रेमियों और लैक्रोस से जुड़े लोगों ने इसे आगरा में लैक्रोस खेल के बढ़ते प्रभाव और प्रतिभा का प्रमाण बताया है।
इस उपलब्धि को और विशेष बनाते हुए आगरा के शकील खान को इस राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर के लिए कैंप कोऑर्डिनेटर एवं सेलेक्टर नियुक्त किया गया है। शकील खान पिछले कई वर्षों से लैक्रोस खेल के विकास एवं खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अवसर प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। वे इससे पूर्व भी कई अंतरराष्ट्रीय लैक्रोस प्रतियोगिताओं एवं बैठकों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं तथा लैक्रोस से संबंधित विभिन्न आयोजनों के सिलसिले में उज़्बेकिस्तान, जापान और रियाद (सऊदी अरब) की यात्राएँ कर चुके हैं।
शकील खान की इस महत्वपूर्ण नियुक्ति को आगरा एवं उत्तर प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। समस्त लैक्रोस एसोसिएशन, खेल प्रेमियों एवं आगरा वासियों ने उनके चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है और विश्वास व्यक्त किया है कि उनके मार्गदर्शन में भारतीय खिलाड़ी आगामी एशिया-पैसिफिक लैक्रोस सिक्सेस चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश लैक्रोस एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद बंसल, कोषाध्यक्ष राजेश शर्मा तथा मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) शकील खान ने चयनित खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह चयन न केवल खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम है, बल्कि उत्तर प्रदेश में लैक्रोस खेल के निरंतर विकास का भी प्रतीक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों खिलाड़ी अपनी प्रतिभा, अनुशासन और उत्कृष्ट खेल कौशल के बल पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत और उत्तर प्रदेश का नाम गौरवान्वित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *