
—- स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारी तेज, आगरा नगर निगम में रणनीतिक बैठक
—- 28 फरवरी तक स्वच्छ वार्ड प्रतियोगिता, नए मानकों पर होगा मूल्यांकन
आगरा। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के सफल क्रियान्वयन को लेकर मंगलवार को नगर निगम में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में स्वच्छता के नए मानकों, मूल्यांकन प्रक्रिया और वार्ड स्तर पर प्रतिस्पर्धा को प्रभावी बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वच्छ सर्वेक्षण को केवल अभियान के रूप में नहीं, बल्कि जनभागीदारी के साथ स्थायी व्यवस्था के रूप में लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि शहर की रैंकिंग बेहतर करने के लिए जमीनी स्तर पर ठोस कार्यवाही सुनिश्चित की जाए और प्रत्येक वार्ड में स्वच्छता के मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए।
इस दौरान जानकारी दी गई कि नगर निगम आगरा द्वारा 17 से 28 फरवरी तक स्वच्छ वार्ड प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इसके तहत सभी वार्डों का स्वच्छता के विभिन्न मानकों पर मूल्यांकन किया जा रहा है।प्रतियोगिता का उद्देश्य वार्ड स्तर पर स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले वार्डों को सम्मानित करना है। इस दौरान स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की नई गाइडलाइन्स यानी 10वें संस्करण की टूलकिट के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। इस वर्ष की थीम “स्वच्छता की नई पहल – बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ” रखी गई है, जिसके तहत जनसहभागिता, स्रोत पर कचरा पृथक्करण और सतत स्वच्छता पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
अधिकारियों को बताया गया कि वार्डों का मूल्यांकन कई महत्वपूर्ण मानकों पर किया जाएगा। इनमें डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रभावी प्रतिबंध, होम कंपोस्टिंग को बढ़ावा, शहर के गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट (जीवीपी) का पूर्ण उन्मूलन तथा सार्वजनिक और सामुदायिक शौचालयों की साफ-सफाई शामिल है।
नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय की जाए। साथ ही आम नागरिकों को भी स्वच्छता अभियान से जोड़ने के लिए जागरूकता गतिविधियां चलाने पर जोर दिया गया।
बैठक में अपर आयुक्त शिशिर कुमार, सहायक आयुक्त अशोक प्रिय गौतम, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजीव वर्मा, एसएफआई प्रतिनिधि तथा सफाई नायकों ने भाग लिया।अधिकारियों ने जमीनी स्तर पर बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए शहर की सफाई व्यवस्था को और मजबूत बनाने का आश्वासन दिया।


