—– दस दिन में उखड़ने लगी आठ लाख की सड़क, नगर आयुक्त ने गठित की जांच टीम; ठेकेदार पर कार्रवाई की तैयारी
आगरा। सोहल्ला वार्ड-22 में महज दस दिन में सीसी रोड की गिट्टी उखड़ने के मामले में नगर निगम प्रशासन ने जांच की प्रक्रिया तेज कर दी है। सोशल मीडिया पर सड़क की बदहाल स्थिति के वीडियो वायरल होने के बाद नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दो सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर दी है। कमेटी को सात दिन के भीतर जांच पूरी कर स्पष्ट संस्तुति के साथ रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर निर्माण कार्य में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सोहल्ला वार्ड-22 में करीब आठ लाख रुपये की लागत से 30 मीटर लंबी और ढाई मीटर चौड़ी सीसी रोड का निर्माण कराया गया था। आरोप है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता के निर्धारित मानकों की अनदेखी की गई। सड़क बनने के महज दस दिन बाद ही इसकी ऊपरी परत उखड़ने लगी और जगह-जगह गिट्टी बाहर निकल आई। स्थानीय निवासियों ने सड़क की बदहाल स्थिति के वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए थे।
—— लेखाधिकारी और सहायक अभियंता को सौंपी जांच की जिम्मेदारी
नगर आयुक्त ने शिकायत की जांच के लिए दो सदस्यीय कमेटी बनाई है। इसमें लेखाधिकारी बिपिन कुमार यादव और सहायक अभियंता कपीश बुधोलिया को शामिल किया गया है। दोनों अधिकारियों को सड़क निर्माण की गुणवत्ता की जांच कर सात दिन में अपनी स्पष्ट संस्तुति के साथ रिपोर्ट नगर आयुक्त के समक्ष प्रस्तुत करनी होगी।
—– निर्माण सामग्री और मानकों की होगी पड़ताल
जांच के दौरान सड़क निर्माण में इस्तेमाल की गई सामग्री, सीमेंट की मात्रा और निर्माण की तकनीकी गुणवत्ता के साथ निर्धारित मानकों का पालन हुआ या नहीं, इसकी पड़ताल की जाएगी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सीसी रोड निर्माण में सीमेंट के इस्तेमाल के नाम पर महज खानापूर्ति की गई। यही वजह है कि सड़क बनने के कुछ ही दिनों में इसकी ऊपरी परत उखड़ने लगी है। लोगों ने ठेकेदार के साथ निर्माण कार्य की निगरानी करने वाले संबंधित अधिकारियों और अभियंताओं की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की है।
नगर निगम प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि जांच में निर्माण कार्य में अनियमितता या गुणवत्ता के मानकों की अनदेखी सामने आने पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जांच रिपोर्ट से यह साफ होगा कि आठ लाख रुपये से अधिक की लागत से बनी सड़क इतनी जल्दी क्यों उखड़ने लगी और इसके लिए जिम्मेदार कौन है।


