स्लाटर हाउस के आगे सरकारी जमीन से हटाया अवैध कब्जा, नगर निगम ने चलाया बुलडोजर

Press Release उत्तर प्रदेश

–— टिनशेड डालकर बनाए गए गैराज, खोखे और चबूतरे ध्वस्त, दोबारा कब्जा करने पर सामान जब्त करने की चेतावनी

आगरा। लोहा मंडी स्थित सैयद पाड़ा में निष्क्रिय पड़े स्लाटर हाउस के आगे सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ नगर निगम प्रशासन ने कार्रवाई की। नगर निगम के प्रवर्तन दल ने अभियान चलाकर यहां टिनशेड डालकर बनाए गए वाहन गैराज, खोखे, चबूतरे और अन्य अस्थायी निर्माणों को ध्वस्त करा दिया। कार्रवाई के दौरान सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया गया।
स्लाटर हाउस के सामने कुछ लोगों ने टिनशेड लगाकर वाहनों के गैराज बना लिए थे। इसके अलावा खोखे और चबूतरे बनाकर भी सरकारी जमीन का इस्तेमाल किया जा रहा था। धीरे-धीरे यहां अवैध कब्जों का विस्तार होने लगा था। नगर निगम प्रशासन की ओर से इन कब्जों को हटाने के लिए प्रवर्तन दल को निर्देशित किया गया। इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और अवैध निर्माणों को हटवा दिया।
नगर निगम की टीम ने मौके पर मौजूद लोगों को सख्त चेतावनी दी कि सरकारी जमीन पर दोबारा कब्जा करने का प्रयास किया तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अवैध रूप से रखे गए सामान को भी जब्त कर लिया जाएगा। सरकारी भूमि पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कार्रवाई के दौरान क्षेत्रीय पार्षद अमित सिंह पटेल भी मौजूद रहे। नगर निगम की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप मचा रहा। टीम ने स्पष्ट किया कि सरकारी संपत्तियों को कब्जामुक्त रखने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *