
महिला स्वयं सहायता समूह की 300 महिलाओं, 100 आपदा मित्रों एवं 100 स्टेक होल्डर्स ने लिया प्रशिक्षण
आगरा, 28.10.2026। जिला प्रशासन एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक 28 अक्टूबर 2026 को आपदा जोखिम न्यूनीकरण विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सूरसदन सभागार, आगरा में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में जनपद की महिला स्वयं सहायता समूह की 300 महिलाओं, 100 आपदा मित्रों एवं 100 स्टेक होल्डर्स सहित कुल 500 प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर एवं डिप्टी सीएमओ डॉ. सुरेन्द्र मोहन प्रजापति द्वारा स्वास्थ्य एवं आपदा के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में जागरूक किया गया।
जिला मिशन प्रबंधक रवि शंकर औदीच्य एवं आपदा विशेषज्ञ शिवम कुमार मिश्रा द्वारा विभिन्न प्रकार की आपदाओं – बाढ़, भूकंप, आग, वज्रपात आदि के दौरान स्वयं को कैसे सुरक्षित रखें एवं दूसरे लोगों को आपदा के प्रति किस प्रकार जागरूक करें, के संबंध में विस्तार से प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षकों ने बताया कि आपदा के समय घबराएं नहीं, बल्कि सूझबूझ एवं स्थानीय संसाधनों का उपयोग कर स्वयं एवं समुदाय को सुरक्षित रखें। महिलाओं की भूमिका आपदा प्रबंधन में अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम का उद्देश्य समुदाय स्तर पर आपदा के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं आपदा जोखिम को कम करना रहा।


