
*सत्संग, कीर्तन और पाठ साहब के भोग के बाद होगा विशाल भंडारा, पं. बंटी महाराज के सानिध्य में होंगे कार्यक्रम*
आगरा। सिंधी समाज के श्रद्धेय पुरोहित पं. गिरधर महाराज की 37वीं पुण्यतिथि के अवसर पर कालामहल स्थित श्री गिरधर गोपाल मंदिर में तीन दिवसीय धार्मिक आयोजनों का आयोजन किया जाएगा। आगामी 8 से 10 दिसंबर तक चलने वाले इन कार्यक्रमों में सत्संग, कीर्तन, आरती एवं पाठ साहब के भोग के माध्यम से श्रद्धा और भक्ति की अविरल धारा प्रवाहित होगी। पुण्यतिथि के समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा।
मीडिया प्रभारी मेघराज दियालानी ने बताया कि धार्मिक कार्यक्रमों का शुभारंभ 8 दिसंबर, मंगलवार को प्रातः 10 बजे श्री गिरधर गोपाल मंदिर में सत्संग एवं कीर्तन के साथ होगा। दिनभर भजन-कीर्तन के पश्चात शाम को मंदिर में आरती की जाएगी। 9 दिसंबर को भी मंदिर में पूरे दिन धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे तथा शाम को आरती के साथ प्रभु का गुणगान किया जाएगा।
पुण्यतिथि के मुख्य अवसर पर 10 दिसंबर, गुरुवार को प्रातः सत्संग एवं कीर्तन के बाद पाठ साहब का भोग लगाया जाएगा। इसमें सिंधी समाज के महिला-पुरुषों के साथ बच्चे भी शामिल होकर पं. गिरधर महाराज को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। इसके उपरांत कालामहल स्थित सिंधी धर्मशाला में विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण करेंगे।
समस्त धार्मिक आयोजन पं. बंटी महाराज के सानिध्य में संपन्न होंगे। आयोजन को भव्य एवं व्यवस्थित स्वरूप देने के लिए समाज के लोग तैयारियों में जुटे हुए हैं। इनमें सूर्य प्रकाश, मेघराज दियालानी, किशोर बुधरानी, विकास जेठवानी, रोहित आयलानी, पं. पवन शर्मा, पं. विनय शर्मा, रामकुमार गुरनानी, शंकर जगवानी, इंदर तुलसानी, जयकिशन बुधरानी, कुनाल जेठवानी, बाबू भाई, रामचंद हसानी, ईश्वर सेवकानी, हरेश पंजवानी,मेघराज शर्मा, किशोर हिरानी, राजू खेमानी, खेमचंद तेजानी, गुल्लू भाई, मुकेश सभानी, सुरेश मंगवानी, कपिल पंजवानी, विक्रम हिंदवानी, कमल विज, जतिन पंजवानी आदि शामिल हैं।


