आगरा में गूंजा सनातन एकता का स्वर: विराट हिंदू सम्मेलन में बोले वक्ता— ‘संगठित समाज ही राष्ट्र की शक्ति’

Press Release

आगरा। मोती कटरा स्थित यादव सेवा सदन में सोमवार को ‘सनातन सेवा समिति’ द्वारा विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस महासम्मेलन में वक्ताओं ने सनातन परंपराओं के संरक्षण, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण के लिए एकजुट होने का शंखनाद किया। कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने जाति-पाति से ऊपर उठकर ‘सनातन एकता’ का संकल्प लिया।

संस्कारों से ही होगा राष्ट्र का उत्थान: सुनील दीक्षित

मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित आरएसएस के विभाग कार्यवाहक सुनील दीक्षित ने जोर देकर कहा कि नई पीढ़ी को पाश्चात्य संस्कृति के प्रभाव से बचाकर अपने सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ना अनिवार्य है। उन्होंने कहा, “जब समाज संगठित होगा, तभी महर्षि दयानंद के स्वप्न का राष्ट्र निर्मित होगा। समानता का भाव विकसित करने के लिए सामाजिक कुरीतियों का अंत जरूरी है।”

युवाओं और बच्चों की भूमिका महत्वपूर्ण

मुख्य अतिथि साध्वी अंजलि किशोरी ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संस्कृति की जड़ें युवाओं और बच्चों के संस्कारों में छिपी हैं। उन्होंने युवाओं से शिक्षा और सेवा कार्यों में सक्रिय होने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान सरस्वती शिशु विद्या मंदिर की छात्राओं ने सामाजिक विषयों पर एक मार्मिक नाट्य प्रस्तुति दी, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। समिति द्वारा इन छात्राओं को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

एकता का संकल्प और भव्य उपस्थिति

सम्मेलन के संयोजक सहदेव वर्मा और बॉबी लाले ने बताया कि इस आयोजन का मूल उद्देश्य हिंदू समाज के विभिन्न वर्गों के बीच संवाद और समन्वय स्थापित करना है। कार्यक्रम में पार्षद मुन्ना सिंह प्रजापति, मनोहारी लाल धाकड़ और नवीन प्रजापति सहित शहर के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *