आगरा, 3 अगस्त। जनपद आगरा के एकलव्य स्टेडियम में निर्मित अवस्थापनाओं का जीर्णोद्धार खेल विभाग से प्राप्त धनराशि से किया जा रहा है। इसका निरीक्षण आज मुख्य विकास अधिकारी आगरा श्रीमती प्रतिभा सिंह द्वारा किया गया। निरीक्षण के समय अपर जिलाधिकारी ( आपूर्ति ) आगरा एवं क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी, आगरा एवं कार्यदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर उपस्थित थे।
एकलव्य स्टेडियम में चल रहे उम्त जीर्णोद्वार का कार्य कार्यदायी संस्था यू०पी० प्रोजेक्ट कॉरपोरेशन लि०, निर्माण इकाई -4 आगरा द्वारा किया जा रहा है। स्टेडियम में कुल 14 अवस्थापनाओं के सापेक्ष 11 अवस्थापनाओं पर कार्य चलता हुआ पाया गया। कार्य की प्रगति काफी धीमी थी जिसपर नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक अवस्थापना कार्य की समय सीमा निर्धारित करते हुए चार्ट तत्काल प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गये।
शूटिंग यार्ड में कार्य चलता हुआ नहीं पाया गया कार्यदायी सस्था को तत्काल वहां कार्य प्रारम्भ कर पूर्ण करने के निर्देश दिये गये । इसके अतिरिक्त टेबिल टेनिस कोर्ट, शौचालय एवं जिम कोर्ट में मौके पर कार्य चलता हुआ पाया गया। जिसे निर्धारित समय सीमान्तर्गत पूर्ण करने के निर्देश दिए गये। निरीक्षण के समय चल रहे कार्य की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई।
बास्केटबॉल, जिम्नास्टिक तथा बैडमिन्टन कोर्ट में खेल विशेषज्ञों की राय लेकर आधुनिक तकनीकि प्राविधानों को समाहित करते हुए कार्य गुणवत्तापूर्ण रूप से कराने के निर्देश दिए गये।


