
आगरा. 01.06.2026. आज सोमवार को मण्डलायुक्त नगेन्द्र प्रताप की अध्यक्षता में मण्डलीय अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक संपन्न हुई। सर्वप्रथम गो आश्रय स्थलों पर संरक्षित गोवंश की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गयी। अवगत कराया गया कि विगत माह में मण्डल में 1044 अवशेष निराश्रित गौवंश को संरक्षित किया जाना था किन्तु अभी भी 355 गौवंश को संरक्षित किया जाना बाकी है। आयुक्त महोदय ने जल्द ही सभी निराश्रित गौवंशों को संरक्षित किए जाने के निर्देश दिए। कान्हा गौशाला नारायच और शाहदरा में गोबर गैस प्लांट स्थापित किए जाने के निर्देश दिए गये। मण्डल में 100 से कम गोवंश संरक्षण वाले आश्रय स्थलों की समीक्षा की गयी। निर्देश दिए गये कि जिन आश्रय स्थलों में कम गौवंश संरक्षित हैं, 15 दिन के अंदर उन्हें दूसरी गौशाला में शिफ्ट किया जाए। किसी भी गौशाला में 100 से कम गौवंश संरक्षित न हो।
वृहद गोसंरक्षण केन्द्रों में संरक्षित गौवंशों के विवरण की समीक्षा करते हुए महोदय द्वारा निर्देश दिए गये कि मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी के केन्द्रों में निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष लंबित शिफ्टिंग अथवा अवशेष संरक्षित किए जाने की कार्यवाही की जाए। गौशाला से लिंक गोचर भूमि को लेकर संज्ञान में आया कि चारों जनपद में लिंक गोचर के सापेक्ष कम क्षेत्र में हरा चारा बोया जा रहा है। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गये कि वे अपने जिले में लिंक गोचर भूमि का खसरा व गांव सहित पूरा विवरण उपलब्ध करायें ताकि क्षेत्रीय उपजिलाधिकारी के माध्यम से जांच करायी जा सके।
गौशालाओं में गर्मी से बचाव हेतु किए गये इंतजाम की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए गये कि सभी गौशालाओं को तिरपाल/शेड से ढका जाए, पंखे-पेयजल की समुचित व्यवस्था रहे। आगामी माह में चलने वाले वृक्षारोपण अभियान की तैयारियां करते हुए सभी गौवंश आश्रय स्थलों में कम से कम पांच-पांच पौधे रोपने के निर्देश दिए।


