
—— क्षेत्रीय पार्षद की सूचना पर हरकत में आया नगर निगम, सीवर लाइन को माना जा रहा कारण
आगरा।आवास विकास परिषद सेक्टर-4 स्थित वार्ड संख्या 69 में पुलिस चौकी के निकट सोमवार सुबह अचानक सड़क धंस जाने से क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। सड़क किनारे बने बड़े गड्ढे को देखकर स्थानीय लोग दहशत में आ गए और मौके पर भीड़ एकत्र हो गई। घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम और जलकल विभाग के अधिकारी सक्रिय हो गए तथा तत्काल जांच एवं मरम्मत कार्य शुरू करा दिया गया।
क्षेत्रीय पार्षद संजीव सिकरवार ने सड़क धंसने की जानकारी नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर आयुक्त ने जलकल महाप्रबंधक संघ भूषण को तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद जलकल महाप्रबंधक और सहायक अभियंता आदित्य कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा सुरक्षा की दृष्टि से गड्ढे के चारों ओर बैरीकेडिंग कराई, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो सके।
अधिकारियों ने मामले की सूचना संबंधित तकनीकी टीम को दी, जिसके बाद बवाग की टीम मौके पर पहुंची और सड़क की खुदाई शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि भूमिगत सीवर लाइन में आई किसी तकनीकी समस्या के कारण सड़क के नीचे की मिट्टी कमजोर हो गई, जिससे सड़क धंस गई।
जलकल विभाग की टीम ने सड़क धंसने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विभिन्न स्तरों पर जांच शुरू की। अधिकारियों ने पानी का प्रेशर देकर संभावित लीकेज की भी जांच की, लेकिन समाचार लिखे जाने तक कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सका था। तकनीकी विशेषज्ञ लगातार खुदाई और निरीक्षण के माध्यम से स्थिति का आकलन कर रहे थे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहला मौका नहीं है जब इस क्षेत्र में सड़क धंसने की घटना हुई हो। इसी स्थान से कुछ दूरी पर पूर्व में भी सड़क का एक बड़ा हिस्सा धंस चुका है, जिसके चलते क्षेत्रवासियों में भूमिगत सीवर एवं अन्य पाइपलाइन नेटवर्क की स्थिति को लेकर चिंता बनी हुई है।
नगर निगम एवं जलकल विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सड़क धंसने के कारणों की विस्तृत जांच कराई जा रही है। कारण स्पष्ट होने के बाद आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्य कराकर क्षेत्र में आवागमन को पूरी तरह सुरक्षित बनाया जाएगा। फिलहाल मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखते हुए खुदाई और जांच का कार्य जारी है।


