
—– 21 बाजारों में अतिरिक्त सफाई गैंग तैनात, कचरा उठाने को लगाए एक दर्जन अतिरिक्त वाहन
आगरा। पंचोत्सव के दौरान बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ और बढ़ते कचरे को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने सफाई व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। त्योहारों के दौरान बाजारों में सफाई और कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए दिन के साथ ही रात में भी सफाई कराई जा रही है। शहर के 21 प्रमुख बाजारों में 180 सफाई कर्मचारियों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। वहीं, कूड़ा उठाने के लिए नियमित वाहनों के अलावा एक दर्जन अतिरिक्त वाहन भी लगाए गए हैं।
नगर निगम प्रशासन की ओर से राजामंडी, कारगिल,घटिया ,छीपीटोला, संजय प्लेस, बेलनगंज, बिजलीघर, सिंधी बाजार, कमला नगर, बोदला और ताजगंज सहित शहर के प्रमुख बाजारों में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इन क्षेत्रों में अतिरिक्त सफाई गैंग बनाकर कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी कर्मचारी शाम छह बजे से रात 11 बजे तक बाजारों में सफाई व्यवस्था बनाए रखने में जुटे हैं।
—– नियमित वाहनों के फेरे बढ़ाए, कचरा निस्तारण पर नजर
त्योहारी खरीदारी के चलते बाजारों में दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रहती है। दुकानों और ठेलों से निकलने वाले कचरे के समय से निस्तारण के लिए नगर निगम ने नियमित कूड़ा उठाने वाले वाहनों के फेरे भी बढ़ाए हैं। इसके अलावा अतिरिक्त वाहनों को रात्रिकालीन सफाई के लिए लगाया गया है, ताकि बाजार बंद होने के बाद भी कचरा जमा न रहे।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा ने बताया कि सफाई व्यवस्था की निगरानी के लिए क्षेत्रीय जेडएसओ और एसएफआई के साथ ही नोडल अधिकारियों को भी जिम्मेदारी दी गई है। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई और कूड़ा निस्तारण की नियमित निगरानी कर रहे हैं।
—- ड्यूटी के दौरान निर्धारित ड्रेस पहनना अनिवार्य
विशेष अभियान के तहत तैनात किए गए सभी सफाई कर्मचारियों को निर्धारित ड्रेस में ही ड्यूटी करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न होने देने और कचरे का समय से उठान सुनिश्चित कराने के लिए कहा गया है। नगर निगम की यह विशेष व्यवस्था पंचोत्सव तक लागू रहेगी।
निगम प्रशासन का कहना है कि त्योहारों के दौरान बाजारों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए अतिरिक्त संसाधनों के साथ कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इससे बाजारों में कचरा जमा होने की समस्या को कम करने और लोगों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य का वर्जन—
पंचोत्सव के दौरान शहर के बाजारों में सफाई व्यवस्था बनाए रखना नगर निगम की प्राथमिकता है। इसके लिए अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों और वाहनों की तैनाती की गई है। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि बाजारों में नियमित सफाई के साथ कूड़े का समय से निस्तारण सुनिश्चित कराएं। त्योहारों के दौरान सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


