नन्द के आनंद भयो जय कन्हैया लाल की जय-घोष के साथ अयोध्या कुंज में श्रीमद्भागवत कथा के चतुर्थ दिवस श्री कृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा। आध्यात्मिक नगरी ​अयोध्या कुंज, आगरा में आयोजित श्री मद्भागवत कथा के चतुर्थ दिवस श्री राम जन्म एवं श्री कृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया। पूरे पंडाल को सुगंधित फूल पत्ती एवं रंग बिरंगी रोशनी से सजाया गया। अपने प्रिय आराध्य श्री कृष्ण का जन्मोत्सव मनाने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से आज पंडाल खचाखच भरा था। श्रीमद्भागवत कथा व्यास श्री पंडित पवन शास्त्री जी ने अपनी मधुर वाणी से जैसे ही श्री कृष्ण जन्मोत्सव प्रसंग प्रारंभ किया । उपस्थित श्रोताओं के मुख से नन्द के आनंद भयो जय कन्हैया लाल की जय-घोष होने लगी चारों तरफ नाच-गानें के साथ पुष्पो एवं उपहारों की वर्षा होने लगी और सभी अपने दुलारे कन्हैया को जन्म दिवस की बधाई देने लगे। बधाई देने के दौरान सभी भक्तजन भाव-विभोर होकर झूमने लगे। पूरा पंडाल भक्तिमय माहौल और जयकारों से गूंजने लगा।

कृष्ण जन्मोत्सव से पूर्व कथा व्यास जी ने ध्रुव-हिरण्यकश्यप, भरत, अजामिल, भगवान वामन अवतार एवं सूर्यवंशी राजाओं सहित मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम जी के चरित्रों का प्रसंग बहुत ही मधुर वाणी से श्रवण कराया। कथा के विश्राम होने पर मुख्य यजमानों और उपस्थित श्रद्धालुओं ने श्रीमद्भागवत जी एवं कन्हैया की आरती की।

आयोजक बिनोद अग्रवाल, संतोष अग्रवाल ने आरती के उपरांत उपस्थित सभी भक्तों के लिए प्रसाद की व्यवस्था की, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। ​इस अवसर पर कालोनी के गणमान्य नागरिक, माताएं-बहनें और भारी संख्या में श्रद्धालुगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *