——दो दिन की आख़िरी मोहलत: रैंप–सीढ़ियां नहीं हटीं तो जेसीबी से होगी कार्रवाई
आगरा। लोहा मंडी क्षेत्र के तेलीपाड़ा में नगर निगम प्रशासन की सख्त चेतावनी का असर साफ तौर पर दिखाई देने लगा है। सड़क निर्माण में बाधा बन रहे नालियों और फुटपाथ पर किए गए स्थायी व अस्थायी अतिक्रमण को हटाने की प्रक्रिया अब स्वयं अतिक्रमणकारियों द्वारा शुरू कर दी गई है।
नगर निगम प्रशासन द्वारा विगत दिनों क्षेत्रवासियों और दुकानदारों को अल्टीमेटम जारी किया गया था कि सड़क निर्माण के मार्ग में आ रहे घरों और दुकानों के सामने बने रैंप, सीढ़ियां और अन्य अवैध निर्माण स्वयं हटा लिए जाएं, अन्यथा निगम द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम द्वारा निशान भी लगते गये थे। इसी क्रम में आज नगर निगम की टास्क फोर्स अवर अभियंता हरी ओम के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि अधिकांश लोगों ने चेतावनी के बाद अपने स्तर पर अतिक्रमण हटाने की पहल शुरू कर दी है, जिससे सड़क निर्माण का कार्य सुचारू रूप से आगे बढ़ सके। हालांकि, कुछ स्थानों पर अब भी अवैध निर्माण नहीं हटाए गए थे, जिस पर निगम प्रशासन द्वारा कार्रवाई शुरू की गई। इस दौरान संबंधित अतिक्रमणकारियों ने निगम अधिकारियों से रियायत की मांग करते हुए स्वयं अतिक्रमण हटाने का आश्वासन दिया। जनहित को ध्यान में रखते हुए और लोगों को अंतिम अवसर देते हुए नगर निगम प्रशासन ने ऐसे अतिक्रमणकारियों को दो दिन की अतिरिक्त मोहलत प्रदान की है। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित समयावधि में अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो नगर निगम द्वारा जेसीबी मशीन से बलपूर्वक कार्रवाई की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित अतिक्रमणकारियों की होगी।नगर निगम प्रशासन ने दोहराया कि शहर में चल रहे सड़क निर्माण और विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जायेंगे।


