
—— वार्ड 40 आजमपाड़ा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
—– स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 को लेकर नगर निगम ने कसी कमर , हर माह मिलेगा उत्कृष्ट कार्य का सम्मान
आगरा। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में नगर निगम को और बेहतर रैंकिंग दिलाने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा वार्ड स्तर पर लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को वार्ड संख्या 40 आजमपाड़ा स्थित पृथ्वीनाथ फाटक पर सफाई मित्रों के लिए एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सफाई मित्रों को स्वच्छता से जुड़े सभी मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। उन्हें बताया गया कि नियमित सफाई, कूड़ा निस्तारण, डोर-टू-डोर कलेक्शन और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखना स्वच्छ सर्वेक्षण में अहम भूमिका निभाता है।
इस मौके पर क्षेत्रीय स्वच्छता निरीक्षक (एसएफआई) रघु यादव ने कहा कि नगर निगम द्वारा सफाई मित्रों के कार्यों का नियमित मूल्यांकन किया जाएगा। जो भी सफाई मित्र अपने-अपने क्षेत्रों में ईमानदारी और निष्ठा के साथ सराहनीय कार्य करेंगे, उन्हें हर माह प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इससे सफाई मित्रों का मनोबल बढ़ेगा और स्वच्छता अभियान को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद रवि दिवाकर भी उपस्थित रहे। उन्होंने सफाई मित्रों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सफाई मित्रों की भूमिका सबसे अहम है। नगर निगम और जनप्रतिनिधि हमेशा उनके साथ खड़े हैं। कार्यक्रम के अंत में सफाई मित्रों से अपील की गई कि वे स्वच्छता को केवल अभियान नहीं बल्कि अपनी जिम्मेदारी समझें और नागरिकों को भी साफ-सफाई के लिए प्रेरित करें, ताकि आगरा शहर स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर स्थान प्राप्त कर सके।
