अंडरपास बनने से क्षेत्रवासियों को मिलेगी जाम से बड़ी राहत, आवागमन होगा सुगम
आगरा। अर्जुन नगर क्षेत्र में यातायात की समस्या के स्थायी समाधान और आमजन को जाम से राहत दिलाने के उद्देश्य से तिराहे से राजीव सिनेमा होते हुए पृथ्वीनाथ फाटक तक अंडरपास निर्माण की मुहिम को अब सांसद राजकुमार चाहर का पूर्ण समर्थन मिला है।
इस विषय पर हुई चर्चा के दौरान सांसद श्री चाहर ने अंडरपास निर्माण की आवश्यकता को समझते हुए अपना समर्थन दिया और इसे भविष्य में क्षेत्र के विकास एवं यातायात व्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण और निर्णायक कदम बताया।
उन्होंने कहा कि यदि इस अंडरपास का निर्माण हो जाता है तो अर्जुन नगर, खेरिया मोड़, शाहगंज एवं आसपास के क्षेत्रों के हजारों नागरिकों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम का दबाव कम होगा और एंबुलेंस सहित आवश्यक सेवाओं को भी सुगम रास्ता मिल सकेगा।
इस मुहिम का उद्देश्य किसी राजनीतिक लाभ के बजाय क्षेत्र की वर्षों पुरानी यातायात समस्या का स्थायी समाधान कराना है। क्षेत्रवासियों की मांग है कि इस प्रस्ताव को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर आवश्यक सर्वे, तकनीकी परीक्षण एवं स्वीकृति की प्रक्रिया जल्द शुरू कराई जाए।
इस अवसर पर समाजसेवी कन्हैया राय, बाजार कमेटी अध्यक्ष राजेश यादव, विकास अग्रवाल, राना रंजीत सिंह, अवधेश मिश्रा, मयंक गोयल, श्याम सुंदर सिंह तांगड़, मनोज नोतनानी, ललित शर्मा, रिषभ चाहर सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।
क्षेत्रवासियों का मानना है कि यदि यह अंडरपास धरातल पर उतरता है तो आने वाले समय में अर्जुन नगर और आसपास के क्षेत्रों की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। यह केवल एक अंडरपास नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित, सुगम और बेहतर आवागमन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होगी।


