तीन दिवसीय क्रिकेट सीरीज के पहले मुकाबले में ब्लैक एलीफेंट क्रिकेट क्लब पटियाला ने दर्ज की रोमांचक जीत
पटियाला। ब्लैक एलीफेंट क्रिकेट क्लब पटियाला के मैदान पर खेली जा रही तीन दिवसीय फ्रेंडशिप क्रिकेट सीरीज के पहले मुकाबले में मेजबान ब्लैक एलीफेंट क्रिकेट क्लब ने आगरा की सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी को बेहद रोमांचक मुकाबले में एक विकेट से पराजित किया।
टॉस जीतकर सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी आगरा के कप्तान ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। निर्धारित 35 ओवरों के मुकाबले में सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी की पूरी टीम 108 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से देवराज ने शानदार 45 रन नाबाद बनाए, जबकि आरव ने 11 और पीयूष ने 10 रनों का योगदान दिया। ब्लैक एलीफेंट क्रिकेट क्लब की ओर से रवित ने तीन तथा गुरसिमरन और चंदन ने दो-दो विकेट हासिल किए।
109 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ब्लैक एलीफेंट क्रिकेट क्लब की टीम को सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी के गेंदबाजों ने कड़ी चुनौती दी। मुकाबला अंतिम क्षणों तक रोमांचक बना रहा, लेकिन पटियाला की टीम ने नौ विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर एक विकेट से जीत दर्ज की। टीम की ओर से यश ने 23, दीपांशु ने 15 और अथर्व ने 14 महत्वपूर्ण रन बनाए।
सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी की ओर से गगन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट लिए, जबकि रुद्र और आरव ने दो-दो विकेट हासिल किए। शानदार प्रदर्शन के लिए चंदन यादव को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें यह पुरस्कार आर्मी के आरएम विमल कुमार द्वारा प्रदान किया गया।
अकादमी के सचिव राजीव सोई ने टीम के नए खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने सीमित अनुभव के बावजूद बेहतरीन खेल भावना और संघर्ष क्षमता का परिचय दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह टीम आने वाले मुकाबलों में और बेहतर प्रदर्शन करेगी।
तीन दिवसीय सीरीज के पहले मुकाबले में मिली हार के बावजूद सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी के युवा खिलाड़ियों के प्रदर्शन को उत्साहजनक माना जा रहा है। ब्लैक एलीफ़ेंट क्रिकेट क्लब के चीफ कोच एच एस अरोड़ा जी एवं सुख जीवन स्पोर्ट्स अकैडमी के कोच समीर ख़ान उपस्थित रहे।


