आगरा मंडल में डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान 5.0 के तहत 50 शिविर आयोजित, 1400 पेंशनर्स ने लिया लाभ

Press Release उत्तर प्रदेश

महाप्रबंधक, उत्तर मध्य रेलवे नरेश पाल सिंह के मार्गदर्शन एवं मंडल रेल प्रबंधक, आगरा गगन गोयल के निर्देशन में आगरा मंडल में डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (DLC) अभियान 5.0 सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है। रेल पेंशनर्स की सुविधा के लिए 01 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों एवं अन्य निर्धारित स्थानों पर शिविरों का आयोजन किया गया है। इन शिविरों के माध्यम से पेंशनर्स को डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनवाने की सुविधा उपलब्ध कराई गई, जिससे उन्हें जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की प्रक्रिया में सहूलियत मिल सके।
दिनांक 01.11.2026 से 28.11.2026 तक इस अभियान के अंतर्गत आगरा मंडल में कुल 50 शिविर आयोजित किए गए, जिनमें 1400 पेंशनर्स ने भाग लिया तथा 1150 डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जनरेट किए गए। इस अभियान का उद्देश्य पेंशनर्स को डिजिटल सेवाओं से जोड़ना तथा जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की प्रक्रिया को सरल, सुगम एवं सुविधाजनक बनाना है।
अभियान के दौरान पेंशनर्स के स्वास्थ्य एवं कल्याण को ध्यान में रखते हुए हेल्थ चेकअप कैंप का भी आयोजन किया गया। स्वास्थ्य जांच शिविर के माध्यम से पेंशनर्स को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।

इसी क्रम में धौलपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित शिविर में 32 पेंशनर्स ने भाग लिया तथा 18 डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जनरेट किए गए।
वहीं, मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर आयोजित शिविर में 46 पेंशनर्स ने भाग लिया तथा 18 डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनाए गए। मंडल के विभिन्न स्टेशनों एवं कार्यालयों में आयोजित शिविरों के माध्यम से पेंशनर्स को डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनाने की प्रक्रिया में सहायता प्रदान की गई।
रेलवे प्रशासन द्वारा वरिष्ठ एवं ऐसे सेवानिवृत्त कर्मचारी/पेंशनर्स, जो अधिक आयु अथवा स्वास्थ्य संबंधी कारणों से शिविरों में आने में असमर्थ थे, उनके लिए घर पर जाकर डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनाने की विशेष सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। रेलवे कर्मचारियों द्वारा ऐसे पेंशनर्स के घर पहुंचकर उनके डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनाए गए, जिससे उन्हें घर से बाहर जाने की परेशानी नहीं उठानी पड़ी।
रेलवे प्रशासन द्वारा विभिन्न कार्यालयों, बैंकों एवं रेलवे स्टेशनों के समन्वय से अभियान को प्रभावी रूप से संचालित किया गया। डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान 5.0 के माध्यम से रेल पेंशनर्स को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने, डिजिटल सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा उन्हें समयबद्ध एवं सुगम सेवा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *