—– शहर की प्रमुख प्रतिमाओं की धुलाई के साथ आसपास कराया गया चूने का छिड़काव
आगरा। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर नगर निगम प्रशासन ने शहर में स्थित महात्मा गांधी सहित महापुरुषों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई के लिए विशेष अभियान चलाया। अभियान के तहत नगर निगम की टीमों ने विभिन्न स्थानों पर स्थापित प्रतिमाओं की सफाई, धुलाई और आसपास के क्षेत्र की स्वच्छता कराई। प्रतिमाओं के आसपास चूना भी डलवाया गया, जिससे स्वतंत्रता दिवस से पहले इन स्थलों को स्वच्छ और आकर्षक बनाया जा सके।
सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम के निर्देशन में नगर निगम के कर्मचारियों ने अभियान के दौरान प्रतिमाओं पर जमी धूल-मिट्टी को हटाकर उनकी विधिवत धुलाई की। इसके साथ ही प्रतिमाओं के आसपास जमा कूड़ा-कचरा हटाया गया और सार्वजनिक स्थलों की सफाई कराई गई। कई स्थानों पर साफ-सफाई के बाद चूना डलवाकर परिसर को व्यवस्थित किया गया।
सहायक नगर आयुक्त ने बताया कि 15 अगस्त देश के लिए गौरव और सम्मान का पर्व है। महापुरुषों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की प्रतिमाएं हमारी आजादी के संघर्ष और उनके योगदान की याद दिलाती हैं। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इन प्रतिमाओं और उनके आसपास के स्थानों को स्वच्छ रखने के लिए विशेष अभियान चलाया गया है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम की ओर से स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए शहर में साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर रखने के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख चौराहों और महापुरुषों की प्रतिमाओं के आसपास विशेष निगरानी रखी जा रही है। नगर निगम का प्रयास है कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहर स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित नजर आए।
अभियान के दौरान कर्मचारियों ने प्रतिमाओं के आसपास उगी घास-फूस और गंदगी को भी हटाया। नगर निगम अधिकारियों ने लोगों से भी अपील की कि महापुरुषों की प्रतिमाओं और सार्वजनिक स्थलों के आसपास गंदगी न करें तथा स्वच्छता बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें।


