शहर आज से शुरू होगी ओटीएस योजना, 15 दिसंबर तक मिलेगा बकाया कर चुकाने का मौका

Press Release उत्तर प्रदेश

—- तीन किस्तों में जमा कर सकेंगे मूलधन, ऑफलाइन आवेदन भी पोर्टल पर करना होगा अपलोड

आगरा। नगर निगम में लंबे समय से बकाया गृहकर, जलकर और सीवरकर की वसूली के लिए एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) शनिवार से शुरू होगी। योजना का लाभ लेने के लिए करदाता 15 अगस्त से 14 नंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। योजना के तहत एक अप्रैल 2026 तक देय ब्याज की राशि माफ की जाएगी। वहीं, बकाया मूलधन को अधिकतम तीन किस्तों में जमा कराने की सुविधा भी करदाताओं को दी गई है।
प्रभारी गृहकर श्रद्धा पांडेय ने बताया कि ओटीएस के तहत करदाताओं को बकाया कर का निस्तारण कराने का अवसर दिया जा रहा है। योजना में आवेदन ऑनलाइन करने के साथ ऑफलाइन आवेदन की भी व्यवस्था रहेगी। हालांकि, ऑफलाइन प्राप्त होने वाले आवेदनों को भी नगर निगम के पोर्टल पर ऑनलाइन अपलोड करना अनिवार्य होगा। इससे सभी आवेदनों का रिकॉर्ड ऑनलाइन उपलब्ध रहेगा और उनकी प्रगति की निगरानी की जा सकेगी।

—- 15 दिन में करना होगा आवेदन का निस्तारण

प्रभारी गृहकर ने बताया कि ओटीएस के तहत प्राप्त होने वाले आवेदनों का 15 दिन के भीतर निस्तारण करना अनिवार्य होगा। आवेदन प्राप्त होने के बाद संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को समय सीमा के भीतर इसकी जांच और प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इससे करदाताओं को योजना का लाभ लेने के लिए लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

—-तीन किस्तों में जमा कर सकेंगे मूलधन

योजना की सबसे बड़ी सुविधा यह है कि करदाता अपने बकाया मूलधन को तीन किस्तों में जमा करा सकेंगे। एक अप्रैल 2026 तक लगने वाले ब्याज को योजना के तहत माफ किया जाएगा। इससे लंबे समय से टैक्स जमा नहीं करने वाले भवन स्वामियों को बकाया निस्तारित कराने का अवसर मिलेगा।

—– 15 दिसंबर के बाद नहीं मिलेगा लाभ

नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि ओटीएस का लाभ लेने वाले करदाताओं को 15 दिसंबर 2026 तक पूरा टैक्स जमा करना होगा। यदि कोई करदाता निर्धारित अंतिम तिथि तक पूरा बकाया जमा नहीं करता है तो उसे योजना का लाभ नहीं मिलेगा। उसके द्वारा जमा कराई गई राशि को पार्ट पेमेंट माना जाएगा और शेष बकाये पर नियमानुसार कर की देनदारी बनी रहेगी।

—– राजस्व बढ़ाने में मिलेगी मदद

नगर निगम के लिए ओटीएस योजना बकाया कर की वसूली बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर है। लंबे समय से लंबित गृहकर, जलकर और सीवरकर की वसूली होने से निगम के राजस्व में बढ़ोतरी होगी। इससे शहर में सड़क, नाली, सफाई, पेयजल, सीवर, स्ट्रीट लाइट और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को गति देने में मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि नगर निगम की ओर से बकायेदारों को योजना की जानकारी एसएमएस, ई-मेल और अन्य माध्यमों से देने के साथ ही व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक करदाता समय रहते योजना का लाभ उठा सकें।

—- नगर आयुक्त का वर्जन

नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि ओटीएस योजना बकायेदार करदाताओं के लिए अपने लंबित कर का निस्तारण करने का महत्वपूर्ण अवसर है। ब्याज में छूट और मूलधन को तीन किस्तों में जमा करने की सुविधा दी गई है। करदाता अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय से आवेदन कर योजना का लाभ उठाएं। योजना की अवधि समाप्त होने के बाद किसी भी स्थिति में इसका लाभ नहीं मिलेगा। निगम का प्रयास है कि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक बकाया कर की वसूली सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *