—- 11 मार्च को सूर वाटिका में होगा होली मिलन समारोह, 10 मार्च तक करा सकेंगे पंजीकरण
आगरा। नगर निगम द्वारा होली के पावन पर्व के अवसर पर शहरवासियों के लिए भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 11 मार्च को सेक्टर-02 आवास विकास कॉलोनी बोदला स्थित सूर वाटिका (सेंट्रल पार्क) में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार के अनुसार, पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी होली मिलन समारोह में विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों की ओर से स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से संगठन अपनी गतिविधियों और सामाजिक संदेशों को लोगों तक पहुंचा सकेंगे। खास बात यह है कि नगर निगम द्वारा इन स्टॉलों का आवंटन निःशुल्क किया जाएगा।
नगर निगम प्रशासन ने शहर के सभी राजनीतिक और सामाजिक संगठनों से कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की है। जो भी संगठन होली मिलन समारोह में अपनी स्टॉल लगाना चाहते हैं, उन्हें 10 मार्च से पहले अपना पंजीकरण कराना होगा।
पंजीकरण की प्रक्रिया नगर निगम आगरा के केयर टेकर कार्यालय में किसी भी कार्य दिवस में पूरी की जा सकती है। स्टॉल आवंटन और पंजीकरण से संबंधित अधिक जानकारी के लिए केयर टेकर दीपक रावत से मोबाइल नंबर 9837985054 पर संपर्क किया जा सकता है।
अपर नगर आयुक्त ने बताया कि होली मिलन समारोह का उद्देश्य शहर में सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और उत्सव की भावना को बढ़ावा देना है, ताकि सभी लोग मिलकर होली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मना सकें। इस आयोजन में शहर के विभिन्न वर्गों के लोगों की भागीदारी रहने की उम्मीद है।


