—- टाटा गेट,फतेहाबाद रोड और खंदारी क्षेत्र में हटाये गये अतिक्रमण
— डाग और कैटल कैचर टीमें रहीं सक्रिय
—- दो दर्जन से अधिक कुत्ते और गोवंश पकड़े गए
आगरा। शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगरा आगमन से पहले नगर निगम ने शहर की प्रमुख सड़कों पर सफाई, सुरक्षा और सौंदर्यीकरण को लेकर विशेष अभियान चलाया। शुक्रवार को नगर निगम द्वारा फतेहाबाद रोड, खंदारी, शाहगंज आदि क्षेत्रों में विशेष अभियान चला कर सड़कों के किनारे से अतिक्रमण, अवैध निर्माण,होडिंग, झंड़े और बैनर हटवाए। इसके अलावा डॉग कैचर और काउ कैचर टीम ने दो दर्जन से अधिक कुत्तों और गोवंश को पकड़ा। पकड़े गए गोवंश को नगर निगम की ओर से गोशाला में शिफ्ट किया गया, जबकि कुत्तों को एबीसी (एनिमल बर्थ कंट्रोल) सेंटर भेजा गया है। नगर निगम की टीमें दिनभर डिवाइडर की मरम्मत और रंगाई पुताई के अलावा पेड़ की छंटाई करने में लगी रही। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल समेत तमाम अन्य अधिकारी व्यवस्थाओं को चाक चौबंद करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री के आगमन रूट का लगातार निरीक्षण करते रहे।


