आगरा। शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को जोन छत्ता के वार्ड संख्या 27 स्थित बाग मुजफ्फर खां और नूरी दरवाजा चौराहे के आसपास एंटी प्लास्टिक जनजागरूकता अभियान चलाया गया।
नगर निगम की सहयोगी संस्था म्यूज फाउंडेशन की टीम ने क्षेत्र के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, दुकानों और ठेलों पर जाकर दुकानदारों से संवाद किया और उन्हें सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने के लिए प्रेरित किया। टीम ने दुकानदारों को बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य दोनों के लिए हानिकारक है, इसलिए इसके स्थान पर कपड़े या जूट के थैलों का उपयोग किया जाना चाहिए।
अभियान के दौरान दुकानदारों और ठेला संचालकों को अपनी दुकानों पर दो डस्टबिन रखने की सलाह भी दी गई, ताकि गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्र किया जा सके। साथ ही दुकानों और आसपास के क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के लिए भी जागरूक किया गया।
म्यूज फाउंडेशन की टीम ने लोगों से अपील की कि वे पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें और प्लास्टिक के स्थान पर वैकल्पिक सामग्री का उपयोग करें। इस दौरान टीम सदस्य मकान सिंह, रिंकू और अन्नू कुमारी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।अभियान के दौरान कई दुकानदारों ने भी सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने और नगर निगम के स्वच्छता अभियान में सहयोग करने का आश्वासन दिया।


