गंगा दशहरा पर यमुना घाटों पर नगर निगम की विशेष तैयारी

Press Release उत्तर प्रदेश

—– श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सफाई, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त

आगरा। गंगा दशहरा पर्व को लेकर नगर निगम आगरा द्वारा यमुना घाटों पर व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने प्रमुख घाटों पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और कूड़ा निस्तारण की विशेष तैयारियां की हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। गंगा दशहरा पर बड़ी संख्या में लोग यमुना में स्नान करके पूजा अर्चना के लिए पहुंचते हैं।
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य के निर्देश पर नगर निगम की विभिन्न टीमों को घाटों पर तैनात किया गया है। बल्केश्वर घाट, कैलाश घाट, यमुना किनारे स्थित प्रमुख स्नान स्थलों एवं मंदिरों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाया गया। घाटों की सीढ़ियों, मार्गों और आसपास के क्षेत्रों में सफाई कर्मचारियों को लगातार तैनात रखा गया है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों पर अस्थायी प्याऊ लगाए गए हैं तथा पेयजल टैंकरों की व्यवस्था भी की गई है। इसके साथ ही गर्मी को देखते हुए छायादार स्थानों की व्यवस्था कर लोगों को राहत देने का प्रयास किया गया। नगर निगम द्वारा पर्याप्त संख्या में डस्टबिन रखवाए गए हैं ताकि घाटों पर गंदगी न फैले और स्वच्छता बनी रहे।
रात्रि के समय श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त कराया गया है। कई स्थानों पर खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराया गया तथा अतिरिक्त लाइटें भी लगाई गईं। भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग कराई गई है और अधिकारियों को लगातार मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए हैं।
नगर निगम प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि घाटों पर स्वच्छता बनाए रखें और पूजा सामग्री एवं कूड़ा निर्धारित स्थानों पर ही डालें। बैरीकेडिंग से आगे स्नान के लिए न जाने। अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार का कहना है कि गंगा दशहरा पर्व के दौरान सभी व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जाएगी ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण मिल सके।
वर्जन::::

नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि गंगा दशहरा के अवसर पर यमुना घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा नगर निगम की प्राथमिकता है। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और स्वच्छता व्यवस्था लगातार बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *