अवैध पार्किंग पर चलेगा नगर निगम का चाबुक, चिह्नित स्थलों पर होगी सख्त कार्रवाई

Press Release उत्तर प्रदेश

—– प्रभारी मंत्री के निर्देश के बाद एक्शन मोड में नगर निगम, अवैध पार्किंग के सर्वे को टीम गठित

आगरा। शहर में लगातार बढ़ रही अवैध पार्किंग व्यवस्था को लेकर अब नगर निगम प्रशासन सख्त कार्रवाई की तैयारी में जुट गया है। प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह द्वारा हाल ही में आयोजित बैठक में अवैध पार्किंग पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए जाने के बाद नगर निगम ने अभियान चलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न बाजारों, मुख्य मार्गों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में संचालित हो रही अवैध पार्किंगों का सर्वे कराया जाएगा, जिसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने बताया कि शहर में कई स्थानों पर बिना अनुमति पार्किंग संचालन की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी को देखते हुए संबंधित चतुर्थ श्रेणी एवं क्षेत्रीय अधिकारियों को अवैध पार्किंग स्थलों का चिन्हीकरण कर विस्तृत सर्वे रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि सर्वे के दौरान यह भी देखा जाएगा कि किन स्थानों पर पार्किंग संचालन नगर निगम की अनुमति के बिना किया जा रहा है तथा किन क्षेत्रों में सड़क किनारे वाहनों की अवैध पार्किंग से जाम की स्थिति बन रही है। रिपोर्ट मिलने के बाद ऐसे स्थानों पर अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
अपर नगर आयुक्त ने बताया कि नगर निगम की बजट अधिवेशन बैठक में भी अवैध पार्किंग का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया था। पार्षदों द्वारा शहर के प्रमुख बाजारों और व्यावसायिक क्षेत्रों में अवैध पार्किंग संचालन से आम जनता को हो रही समस्याओं को लेकर चिंता जताई गई थी। इसके बाद अब प्रशासन स्तर पर सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार अभियान के दौरान अवैध रूप से वसूली करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही आवश्यकता पड़ने पर पुलिस प्रशासन का सहयोग भी लिया जाएगा। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने और लोगों को राहत देने के उद्देश्य से यह अभियान जल्द शुरू किया जाएगा।

वर्जन — नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य

“शहर में किसी भी प्रकार की अवैध पार्किंग संचालन की अनुमति नहीं दी जाएगी। सभी संबंधित अधिकारियों को सर्वे कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। चिन्हित स्थलों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर हो सके।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *